डीएसपी हत्या पर हंगामा थमा नहीं कि यहां लगा क‌र्फ्यू

dspअंबेडकरनगर । हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष रामबाबू गुप्ता की हत्या के दूसरे दिन भी टांडा में जमकर बवाल हुआ। आगजनी, पथराव की घटनाएं होने पर प्रशासन ने क‌र्फ्यू लगा दिया। ताजा घटना में पीएसी कर्मियों सहित कई लोग चोटिल हो गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक समेत मंडलीय व जिला स्तरीय अधिकारी कैंप किए हैं। आरएएफ व पीएसी के जरिए हालात को काबू में किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र के स्कूल-कॉलेज अनिश्चित काल के लिए बंद करा दिए गए हैं। लापरवाही में थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। पिछले रविवार की रात टांडा कस्बे के अलीगंज थाना क्षेत्र में हिंदू युवा वाहिनी के अध्यक्ष पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ बेकाबू हो गई। उसने मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ओपी यादव पर हमलाकर सरकारी जीप को आग के हवाले कर दिया। सड़क के किनारे खड़ी दो बसों, टाटा सूमो, जीप, स्कार्पियो, टेंपो, टाटा मैजिक व मोटर साइकिल में आग लगा दिया। तीन दुकानों, 11 घरों में आगजनी व लूटपाट की। मुर्गी फार्म व टेंपो भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। सैंकड़ों मुर्गियां भी जल मरीं। अवध डिपो की रोडवेज बस को भी जला दिया गया। उपद्रव की सूचना पर पहुंचे जिलाधिकारी पंकज यादव, पुलिस अधीक्षक डीपी श्रीवास्तव ने स्थिति को नियंत्रण का प्रयास किया, लेकिन बात न बनी।

अंबेडकरनगर में मौके पर पहुंचे आइजी व मंडलायुक्त

रविवार को हिंदू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता की हत्या के बाद सोमवार की सुबह आइजी सुभाष चंद्र व प्रभारी मंडलायुक्त विपिन कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। वह घटना का जायजा लेकर थाने में जा बैठे। इस बीच उपद्रवियों ने बस्ती जिले से डाक लेकर आ रहे पिकप वाहन में आसोपुर गांव के निकट आग लगा दी। प्रशासन की निगरानी में हिंदू नेता का शव अपराह्न करीब दो बजे उनके पैतृक घर अलीगंज ले जाया गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि इस पर कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इसी बीच एक बाइक भी जला दी गई। फिर दोनों पक्षों से जमकर पथराव हुआ। इसमें पीएसी 20वीं बटालियन बी कंपनी के मुख्य आरक्षी महिमालाल व आरक्षी प्रेमनाथ यादव घायल हो गए। सामाजिक कार्यकर्ता सूर्यमणि यादव समेत अन्य कई लोगों को भी चोटें आई हैं। पूर्व मंत्री लल्लू सिंह समेत कई भाजपा नेता दो घंटे तक फंसे रहे। पूर्व विधायक त्रिवेणी राम का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने करीब तीन बजे क‌र्फ्यू लगाए जाने की घोषणा कर दी। भीड़ को बलपूर्वक हटाए जाने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। पुलिस ने रामबाबू के भाई वेदप्रकाश गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका।

24 लोग हिरासत में, तीन सेक्टरों में बंटा नगर जिलाधिकारी पंकज यादव व पुलिस अधीक्षक डीपी श्रीवास्तव सोमवार की शाम संयुक्त रूप से कोतवाली टांडा परिसर में मीडिया से रूबरू हुए। अधिकारियों ने बताया कि, एहतियातन क‌र्फ्यू लगाकर नगर क्षेत्र को तीन सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। स्थिति नियंत्रण में है। जिले के सभी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ डटे हैं। नगर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। घर से बाहर निकलने वालों की सघन चेकिंग की जा रही है। अभी तक आगजनी के आठ मुकदमें दर्ज करा दिए गए हैं। डीएम ने बताया कि अग्निकांड पीड़ितों को मुआवजा देने की प्रक्त्रिया शुरू कर दी गई है।

टांडा में फिर आगजनी पथराव, लगा क‌र्फ्यू

error: Content is protected !!