अजमेर। जयपुर में विधानसभा के बाहर अपनी मांगो के लिए प्रदर्शन कर रहे प्रदेश भर के वकीलों पर बुधवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध में अजमेर जिला बार एसोसिएशन ने अपना आन्दोलन तेज करते हुए गुरूवार को अदालती कार्य का बहिष्कार कर अदालत के बाहर 2 घंटे तक जाम लगा दिया। जयपुर रोड पर लगाये गये जाम की वजह से लगभग पूरे शहर का यातायात प्रभावित हुआ और बाजारों में वाहनों की कतारें लग गयीं। वहीं इस जाम के चलते ज़िला कलेक्टर वैभव गालरिया को भी अपनी कार से उतर कर पैदल ही संभागीय आयुक्त कार्यालय जाना पड़ा।जयपुर लाठीचार्ज के विरोध में उतरे वकीलों ने पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर सेंशन कोर्ट और राजस्व मंडल के बाहर जाम लगा दिया। जाम के चलते दोनों और वाहनों की लम्बी कतारें लग र्गइं, सूचना पाकर पहंुचे पुलिस उपाधीक्षक राजीव पचार को भी वकीलों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा, माहौल को देखते हुए पुलिस खुद पीछे हट गयी। इसी दौरान संभागीय आयुक्त कार्यालय में बैठक में भाग लेने जा रहे कलेक्टर वैभव गालरिया की कार को भी वकीलों ने रोक लिया। वकीलों के तेवर देखते हुए कलेक्टर गालरिया अपनी कार से उतरे और पैदल ही सम्भागिय आयुक्त कार्यालय की और रवाना हो गए। वहीं दूसरी तरफ वकीलों का नेतृत्व कर रहे अजमेर जिला बार के अध्यक्ष राजेश टंडन ने कहा है कि आने वाले दिनों में इस आन्दोलन को और तेज किया जाएगा।