नई दिल्ली। पूरी दुनिया जब विश्व महिला दिवस मनाने की तैयारी में व्यस्त थी उसी समय दिल्ली में एक और शर्मनाक घटना ने पारिवारिक रिश्ते को तार-तार कर दिया। मानसरोवर पार्क इलाके में 23 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने उसके जेठ को गिरफ्तार किया है। पीड़िता का आरोप है कि चाकू की नोंक पर उसके जेठ ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने महिला की शिकायत और मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद आरोपी को बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार महिला की शादी गत वर्ष जून में हुई थी। वह अपने माता-पिता के साथ मानसरोवर पार्क इलाके में रहती है, जबकि उसका ससुराल करावल नगर में है। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के समय लड़के के परिजनों ने बताया था कि उनका एक ही बेटा है। यह नहीं बताया था कि परिवार का बड़ा बेटा किसी मामले में तिहाड़ जेल में बंद है। वह इस वर्ष जनवरी में जेल से रिहा होकर आया और परिवार के साथ रहने लगा। एक दिन घर के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी में चाकू की नोंक पर महिला के जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने सास से इसकी शिकायत की तो उसने धमकाकर चुप रहने के लिए कहा गया। कुछ दिन पहले महिला की मां मिलने के लिए घर पहुंची, तो उसने सास को बेटी के साथ मारपीट करते देखा। इसके बाद वह तुरंत ही बेटी को अपने घर ले आई। दो दिनों बाद पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई, जहां पर अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मानसरोवर पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत और मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद पीड़िता के जेठ सौरभ को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले की जांच की जा रही है।