नई दिल्ली। देश में कंपनियों के लिए कामकाज का माहौल बेहतर बनाने के इरादे से सरकार कारपोरेट कॉल सेंटर स्थापित करने पर विचार कर रही है। यह कॉल सेंटर कंपनियों और अन्य अंशधारकों को तेजी से सूचनाएं प्रसारित करने और उनकी शिकायतों का निपटारा करने का काम करेगा।
कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय इस प्रकार का कॉल सेंटर स्थापित करने जा रहा है, जिसे कारपोरेट सेवा केंद्र कहा जाएगा। यह कॉल सेंटर सितंबर, 2013 तक शुरू हो सकता है। मंत्रालय के आंतरिक दस्तावेज के अनुसार कॉल सेंटर अंशधारकों को कई प्रकार की सूचनाएं उपलब्ध कराने के अलावा उनके तमाम तरह के सवालों का जवाब देगा। कॉरपोरेट सेवा केेंद्र मंत्रालय की सभी रजिस्ट्री आधारित सेवाओं की तत्परता, निश्चितता तथा पारदर्शिता के साथ आनलाइन आपूर्ति प्रणाली स्थापित करने की पहल के तहत स्थापित किया जा रहा है।