चीन करेगा परमाणु बिजली उत्पादन क्षमता में वृद्धि

china n power 2013-3-12बीजिंग। दो साल पहले जापान में फुकुशिमा परमाणु दुर्घटना के बाद कई नये परमाणु संयंत्र के निर्माण पर रोक लगाने वाले चीन की नजर परमाणु ऊर्जा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि पर है। चीन ने मंगलवार को अपनी परमाणु बिजली उत्पादन क्षमता में इस साल 20 फीसद इजाफा करने की घोषणा की।

चाइना ग्वांगडांग न्यूक्लियर पावर ग्रुप के अध्यक्ष हे यू ने कहा कि चीन की योजना इस साल अपने परमाणु बिजली क्षमता में 20 फीसद वृद्धि करने की है। यह इस बात का संकेत है कि देश परमाणु ऊर्जा का विकास सुरक्षित और कारगर तरीके से कर रहा है। उल्लेखनीय है कि चीन 2020 तक अमेरिका और फ्रांस के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा परमाणु बिजली उत्पादक देश बन जाएगा।

सरकार द्वारा पिछले साल अक्टूबर में जारी श्वेत पत्र के मुताबिक चीन के पास परमाणु बिजली पैदा करने की 15 इकाइयां हैं। इनकी कुल उत्पादन क्षमता 12.54 गीगावाट्स है। यू ने बताया कि देश में परमाणु ऊर्जा की 30 इकाइयां निर्माणाधीन हैं। इनका संचालन शुरू होने पर उत्पादन क्षमता में 32.81 गीगावाट्स का इजाफा होगा। श्वेत पत्र के मुताबिक चीन के बिजली उत्पादन में परमाणु ऊर्जा का योगदान 1.8 प्रतिशत है, यह वैश्विक औसत से 14 प्रतिशत कम है। उल्लेखनीय है कि जापान में 2011 में भूकंप और सुनामी के बाद फुकुशिमा परमाणु संयंत्र को बहुत नुकसान पहुंचा था और विकिरण फैलने का खतरा बढ़ गया था। जिसके बाद चीन ने नए परमाणु संयंत्रों के निर्माण पर रोक लगा दी थी। अक्टूबर, 2012 में उसने परमाणु संयंत्र के निर्माण को फिर से शुरू करने की अनुमति दी। गत जनवरी में चीन ने शेनडांग प्रांत में 47.6 करोड़ डॉलर की परमाणु बिजली परियोजना शुरू करने का एलान किया था, जिसकी उत्पादन क्षमता 200 मेगावाट होगी। यह संयंत्र 2017 के आखिर तक परमाणु बिजली पैदा करना शुरू कर देगा।

error: Content is protected !!