नई दिल्ली। अपने मनोनयन के बाद सदन में कभी-कभार आने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और बॉलीवुड अदाकारा रेखा पर सपा सदस्य नरेश अग्रवाल ने शुक्रवार को राज्य सभा में जमकर चुटकी ली। उप सभापति पीजे कुरियन ने जैसे ही तेंदुलकर और रेखा के छुट्टी मांगने संबंधी आग्रह के बारे में सदस्यों को बताया, राज्य सभा सदस्य मजाक के मूड में आ गए। मजाकिया लहजे में सपा के नरेश अग्रवाल का कहना था, दोनों (तेंदुलकर और रेखा) बड़ी मुश्किल से ही सदन में आते हैं। क्यों ने उन्हें स्थायी तौर पर छुट्टी प्रदान कर दी जाए।
अग्रवाल के इतना कहते ही पूरे सदन में ठहाके गूंज पड़े। उप सभापति ने सदन को सूचित किया कि भारत-आस्ट्रेलिया सीरीज में व्यस्त रहने के कारण तेंदुलकर ने 21 फरवरी से 7 मार्च तक के लिए छुट्टी मांगी थी। यह सीरीज 22 फरवरी से शुरू होकर 26 मार्च को संपन्न होगी। उप सभापति के प्रस्ताव पर राज्य सभा ने तेंदुलकर को छुट्टी प्रदान कर दी। इसी प्रकार पूर्व विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने भी 5 मार्च से लेकर 22 मार्च तक सदन से गैरहाजिर रहने की अनुमति मांगी थी। सदन ने उनकी भी छुट्टी मंजूर कर दी।
दरअसल सचिन तेंदुलकर और रेखा को जब से राज्य सभा के लिए मनोनीत किया गया है, सदन से उनकी गैरहाजिरी सदस्यों के बीच चर्चा का विषय बनी रही है। मौजूदा बजट सत्र में ही मास्टर ब्लास्टर अभी तक एक दिन के लिए भी सदन की कार्यवाही में भाग नहीं लिए हैं। यही हाल अभिनेत्री रेखा का भी है। संसद का बजट सत्र 22 मार्च तक ही चलेगा। वैसे में ऐसा लगता है कि शायद ही तेंदुलकर इस बजट सत्र में सदन की कार्यवाही में भाग ले पाएं।