नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा जाएंगी। वह वहां पर एक इंजीनियरिंग कालेज की आधारशिला रखेंगे। सूत्रों के मुताबिक यहां से सोनिया गांधी मालदा के प्रमुख नेता एबीए गनी खान चौधरी के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
प्रधानमंत्री मालदा के समीप नारायणपुर में एक कार्यक्रम में गनी खान चौधरी अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान की आधारशिला रखेंगे। इस कार्यक्त्रम में सोनिया गांधी भी हिस्सा लेंगी। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल एम के नारायणन भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय राज्यमंत्री अबू हाशिम खान चौधरी, अधीर रंजन चौधरी, दीपा दासमुंशी के अलावा केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एम पल्लम राजू भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भी उस कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। शनिवार को अतिविशिष्ट व्यक्तियों की मौजूदगी के मद्देजनर मालदा में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। एसपीजी कर्मियों का एक दल पहले ही यहां पहुंच गया है।