वसुंधरा की सभा में मोदी के नारे

vasundra raje with modiजयपुर। राजस्थान की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे की सभा में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर नारे लगे। मोदी के पक्ष में नारे तब थमे जब राजनाथ ने मंच पर शांत रहने की अपील की। लेकिन थोड़ी देर बाद नारे फिर शुरू हो गए, जो राजनाथ के वापस लौटने तक जारी रहे। मोदी समर्थक वांट मोदी, पीएम. के नारे लगा रहे थे।

भाजपा की सुराज संकल्प यात्रा के शुरुआती अवसर पर गुरुवार को राजस्थान की प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चारभुजा मंदिर पर हुई सभा में राजनाथ ने कहा कि केन्द्र की सरकार को नेतृत्व विहीन बताते हुए कहा कि कांग्रेस सोनिया और मनमोहन के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कर रही है, जबकि दो नावों पर सवार होने का परिणाम सभी जानते हैं।

उन्होंने केन्द्र और कांग्रेस पर सीबीआई का दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का जितना दुरुपयोग इस सरकार ने किया है, उतना पहले कभी नहीं हुआ।

राजनाथ ने कहा कि मनमोहन सरकार को देश पर कलंक माना जाना चाहिए। यह सरकार लुंजपुंज है और किसी भी दिन जा सकती है। जिस तरह राम ने रावण को, कृष्ण ने कंस और ओबामा ने ओसामा को मारा, उसी तरह करप्शन कांग्रेस को मारेगा। केन्द्र का एक केबिनेट मंत्री करप्शन के आरोपों में जेल जा चुका है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में भाजपा की सरकारें सफलतापूर्वक राज्य चला रही है।

उन्होंने कहा कि ये बात राष्ट्रीय सर्वेक्षण एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां बोल रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण वे वसुंधरा को मुख्यमंत्री पद के लिए प्रोजेक्ट कर रहे हैं। क्योंकि जब राजस्थान में वसुंधरा राजे पिछली बार मुख्यमंत्री थी तो विकास के कीर्तिमान स्थापित किए थे। उन्होंने कांग्रेस को महंगाई लाने वाली पार्टी बताया और कहा कि जब-जब कांग्रेस केन्द्र में सरकार बनती है तब-तब महंगाई बढ़ती है। जबकि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एमडीए सरकार ने महंगाई को थामे रखा और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी के शासन को याद दिलाते हुए कहा कि उस राज में महंगाई नहीं बढ़ी।

उन्होंने राजस्थान के पोकरण में हुए परमाणु बम परीक्षणों की तारीफ करते हुए कहा कि अटल सरकार विकसित राज्यों की आर्थिक मदद बंद करने की धमकी से डरी नहीं और परीक्षणों और परीक्षणों के जरिए भारत को ताकतवर देशों के बीच लाकर खड़ा कर दिया।

इस अवसर पर वसुंधरा राजे ने जय…जय… राजस्थान का नारा दिया और नए राजस्थान के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को कुर्सी पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने किशोरियों और महिला संरक्षण में विफल सरकार को जवाब देने को कहा। बिजली, पानी, शिक्षा और चिकित्सा जैसी आधारभूत सुविधाओं को लेकर जनता परेशान है।

उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर असभ्य भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और उन पर भाजपा को बदनाम करने की साजिश करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने गहलोत सरकार ने राजस्थान के विकास के पहिए को थाम दिया। वसुंधरा की यात्रा के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों से निकलेगी और 21 जुलाई को जयपुर में समाप्त होगी। इस दौरान करीब 200 आम सभाएं और कई स्थानों पर स्वागत समारोह होंगे। इस दौरान भाजपा के केन्द्रीय नेता भी यात्रा में अलग-अलग अवसरों में शामिल होंगे।

जैसा देश वैसा भेष अपनाएंगी वसुधरा राजे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे अपनी सुराज संकल्प यात्रा में कुछ ऐसे ही अंदाज में नजर आएंगी। पहले चरण में गुरुवार से 16 अप्रैल तक यात्रा उदयपुर संभाग में रहेगी। इस दौरान राजे आदिवासियों के बीच जाएंगी तो आदिवासी महिलाओं जैसे कपड़े पहनेंगी। उदयपुर में एक वरिष्ठ स्थानीय नेता की पसंद से राजे के लिए ऐसी पोशाक तैयार कराई गई है। अन्य अंचलों में भी वे क्षेत्र के हिसाब से परिधान पहनेगी। सुराज संकल्प यात्रा का मंगलवार को सभी संभागों में प्रचार किया गया।

यात्रा संयोजक भूपेन्द्र यादव ने बताया कि यात्रा पूरी अवधि में सोशल मीडिया पर भी नजर आएगी। रोजाना का विवरण जयपुर में जारी किया जाएगा। 13 अप्रैल को उदयपुर शहर में पहले चरण का समापन होगा। 13 दिन में इस संभाग में 1380 किमी की दूरी तय की जाएगी। 35 बड़ी सभाएं होंगी। हर चरण के समापन पर दिल्ली के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

error: Content is protected !!