इस्लामाबाद। पाकिस्तान में अगले माह होने वाले आम चुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रत्याशियों से उनके इस्लाम संबंधी ज्ञान को जांचने के लिए प्रश्न पूछे जा रहे हैं और उनसे कुरान की आयतें पढ़ने के लिए कहा जा रहा है।
समाचार चैनलों पर दिखाए जा रहे फुटेज के अनुसार पूरे देश में निर्वाचन अधिकारी प्रत्याशियों से कुरान की आयतें पढ़ने व नमाज अता करने के तरीके पूछते नजर आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी पार्टी के प्रत्याशी कुरान की एक आयत पर मुश्किल में नजर आए। उनसे कुरान की एक आयत सुनाने के लिए कहा गया था। सिंध से धार्मिक पार्टी के एक प्रत्याशी ने बताया कि उनसे चुनाव आयोग ने पूछा था कि क्या इत्र लगाकर नमाज अता की जा सकती है, तो प्रत्याशी ने जवाब दिया कि इत्र में अल्कोहल के अंश न होने पर ऐसा किया जा सकता है।
पाकिस्तानी अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान ऐसा करना इसे धार्मिक अध्ययन परीक्षा जैसा बना रहा है।
कुछ मामलों में उम्मीदवारों से निजी प्रश्न भी किए जा रहे हैं। लाहौर से उम्मीदवार तैयाबा सोहेल चीमा ने बताया कि प्रांतीय चुनाव आयुक्त अनवर महबूब ने उनसे कहा कि वह 35 साल के नहीं दिखते हैं और अपना चेहरा ठीक से दिखाइए, ताकि लोग सही उम्र जान सकें ।
एक-दूसरे प्रत्याशी सादिया सोहेल के पति शाहिद सोहेल को चुनाव आयुक्त महबूब ने वैवाहिक जीवन का ज्ञान दिया।