बोस्टन ब्लास्ट: बड़े भाई के कहने पर धमाकों को दिया था अंजाम

Acted alone, behest, brother,बोस्टन। बोस्टन धमाके के संदिग्ध चेचेन्याई मूल के दो भाइयों में से छोटे जोखार सारनेव ने अमेरिकी जांच अधिकारियों को बताया कि उसने अपने बड़े भाई तामेरलान सारनेव के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था और उनके पीछे किसी विदेशी आतंकी संगठन का हाथ नहीं है। मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

जांच में शामिल एक अधिकारी के हवाले से सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, जोखार के साथ शुरुआती बातचीत में संकेत मिले हैं कि दोनों भाई खुद को कंट्टर जिहादी मानते थे। 19 वर्षीय जोखार का इस समय अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसे जिला न्यायाधीश के सामने पेश किया गया। उस पर सामूहिक विनाश के हथियारों के इस्तेमाल का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया गया है। दोषी पाए जाने पर उसे मौत की सजा हो सकती है। एक सप्ताह पूर्व धमाकों में तीन लोग मारे गए थे और 200 जख्मी हो गए थे।

पुलिस की कार्रवाई में जोखार गंभीर रूप से घायल होने के कारण बोलने में असमर्थ है। इसलिए अधिकारियों के सवालों का लिखकर जवाब दे रहा है। जोखार ने बताया कि उसका बड़ा भाई तामेरलान इस हमले के जरिए इस्लाम की रक्षा करना चाहता था। पुलिस का कहना है कि जोखार ने शायद भागने के दौरान तामेरलान के ऊपर अपनी स्पो‌र्ट्स यूटिलिटी ह्वीकल [यूएसवी] चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान तामेरलान के बैंक खातों को खंगाला जाएगा। दोनों भाई धार्मिक उग्रवाद से प्रभावित थे, लेकिन उनका इस्लामी आतंकी समूहों से कोई सीधा संबंध नहीं था।

मोबाइल फोन का किया इस्तेमाल

बोस्टन। चेचन्या मूल के जोखार सारनेव ने बोस्टन मैराथन के दौरान प्रेशर कुकर बम में विस्फोट करने के लिए अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। अदालत में संघीय जांच एजेंसी [एफबीआइ] द्वारा दायर की गई आपराधिक शिकायत में यह बात कही गई है।

30 मई को होगी पहली सुनवाई

वाशिंगटन। एक अमेरिकी अदालत ने जोखार सारनेव के मामले की सुनवाई के लिए 30 मई की तारीख मुकर्रर की है। बोस्टन बम धमाके का वह अकेला जीवित संदिग्ध है। जिला न्यायाधीश ने सोमवार को कहा कि इस मामले की सुनवाई मेसाच्युसेट्स जिला अदालत में होगी।

error: Content is protected !!