जयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक किरण माहेश्वरी नें कहा कि सुराज संकल्प सम्मेलन की भारी सफलता से राजस्थान में परिवर्तन आहट सुनाई दे रही है। राज्य सरकार के सम्मेलन को असफल करने दुष्प्रयासों को भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता नें विफल कर दिया है। सम्मेलन में उमड़ा भारी जनसमूह जनता में कांग्रेस के प्रति रोष दर्शा रहा है।
किरण नें कहा कि वसुंधरा राजे एवं नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता से कांग्रेस में हताशा छा गई है। प्रचार पर राजकीय धन को लुटा कर भी कांग्रेस जनता को प्रभावित नहीं कर पा रही है। जनता मान रही है कि भाजपा विकास की पर्याय है, जबकि कांग्रेस भ्रष्टाचार और महंगाई की पोषक है।
किरण नें कहा कि अशोक गहलोत सलुम्बर रैली में उदयपुर में उच्च न्यायालय की खण्डपीठ के बारे में स्पष्ट घोषणा करें। मेवाड़ को प्यासा रख कर के मेवाड़ के पानी को बीसलपुर ले जाने का षडयंत्र किया जा रहा है। मेवाड़ इसे सफल नहीं होने देगा। उदयपुर अहमदाबाद एवं बड़ीसादड़ी मारवाड़ आमान परिवर्तन की अनदेखी मेवाड़ के साथ सौतेले व्यवहार की ही कड़ी है। जनता कांग्रेसी नेताओं से इस पर जवाब चाहती है।