मंत्रियां के दुराचार का असर दो महिने बाद देखना-वसुन्धरा

vasundhara 21डग/ झालरापाटन/ झालावाड़। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि मुख्यमंत्री का दुराचार जैसे गंभीर मामलों में यह कहना कि उनके मंत्री नागर, मदेरणा और विधायक आंजना पर लगे दुष्कर्म के आरोपों से कांग्रेस सरकार की छवि पर कोई असर नहीं पडे़गा, महिलाओं के आत्म सम्मान के खिलाफ है। राजे ने कहा कि मुख्यमंत्री जी इन घटनाओं का असर तो दो महिने बाद देखना, तब पता चलेगा कि माता-बहनो की ताकत में कितना असर है। श्रीमती राजे पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जयन्ती के अवसर पर झालावाड़ में उनके बूथ संख्या 32, गोदाम की तलाई और डग व झालरापाटन विधानसभा सम्मेलनों में सम्बोधित कर रही थी।

सोनिया की भाषा महिलाओं का अपमान
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश मंे महिलाओं के साथ दुराचार की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है और यूपीए चैयरपर्सन सोनिया गांधी हरियाणा के जींद में हुई किशोरी के साथ ज्यादती के मामले में यह बोल रही है कि जींद में ही क्या महिलाओं के साथ दुष्कर्म तो पूरे देश में हो रहे हैं। सोनिया की यह भाषा देश की महिलाओं का अपमान है।

विकास में राजस्थान 20वें स्थान पर
राजे ने कहा कि विकास की दृष्टि से जो राजस्थान हमारी भाजपा सरकार के समय देश के टॉप टेन प्रदेशों में शुमार था, आज 20वें स्थान पर आ गया है। राजस्थान की जो विकास दर हमारे समय में 9.09 थी, आज इस कांग्रेस सरकार में 5.31 प्रतिशत रह गई है।

सोनिया को भ्रष्टाचार की चिंता होती तो वाड्रा को रोकती
वसुन्धरा ने कहा कि सोनिया ने चिंतन शिविर में कहा था कि कांग्रेस की भ्रष्ट पार्टी की छवि बनती जा रही है। यदि उन्हें कांग्रेस मंे पनप रहे भ्रष्टाचार की इतनी ही चिंता है तो वे अपने दामाद रॉबर्ट वाड्रा को रोकती, जिसने राजस्थान के गरीब किसानों की 10 हजार बीघा जमीन ओने-पोने दामों में नियम विरुद्ध खरीद ली और महंगे दामों में बेचकर खूब धन कमा लिया।

भवन है नहीं और खोल दिये कॉलेज
राजे ने कहा कि चार साल तक तो इस सरकार ने खर्राटों में निकाले और अब जब चुनाव आ गये तो पांचवें साल में 33 कॉलेज तो खोल दिये, लेकिन उनके लिए भवन नहीं है। कोई टीन सैड के नीचे खोल दिया, तो कोई धर्मशाला के अन्दर।

फसल खराबे का मुआवजा दे सरकार
राजे ने कहा कि प्रदेश में हुई अति वृष्टि से सोयाबीन, मंूग, उडद, ग्वार, बाजरा, ज्वार की फसलांे में जबर्दस्त खराबा हो गया है। किसान का खाद-बीज, जुताई और हकाई में लगा पैसा फसल खराबे की भेंट चढ़ गया है। सरकार खराबे का आंकलन कर किसानों को मुआवजा दें।

ये थे मौजूद– नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, सांसद दुष्यंत सिंह, वरिष्ठ नेता श्रीकृष्ण पाटीदार, श्याम सुन्दर शर्मा, पूर्व विधायक कन्हैयालाल पाटीदार, निर्मल कुमार सकलेचा, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र नागर, वेयर हाउस के पूर्व चेयरमैन मानसिंह चौहान, पूर्व विधायक स्नेहलता, जिला प्रमुख मनोहरमा जैन, पूर्व जिला प्रमुख नीतू वर्मा।

error: Content is protected !!