महिलाओं पर लाठियां बरसाना गलत

घुमंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष केसावत ने की निंदा, गाडोलिया लुहार समाज के लिए बयान, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से की चर्चा
photoब्यावर। राजस्थान राज्य घुमंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गोपाल केसावत शुक्रवार को ब्यावर आए। वे गत दिनों ब्यावर शहर थाने पर हुए पथराव व महिलाओं पर लाठीचार्ज के मामले की जांच के लिए आए थे। केसावत ने शहर थाने पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। तहसीलदार मदनलाल जीनगर, पुलिस उपाधीक्षक घनश्याम शर्मा व शहर थानाधिकारी सत्येंद्र नेगी से चर्चा की।
केसावत ने गाडोतिया लुहार समाज के लोगों से बातचीत कर पीड़ा सुनीं। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि असुरक्षित स्थान पर आवास होने से उनकी बहन-बेटियों और बहुओं को असामाजिक तत्व भगाकर ले जाते हैं। बीते कुछ समय में समाज की आधा दर्जन बहु-बेटियां लापता हो गई है। पुलिस थाने में इनकी गुमशुदगी भी दर्ज करवाई गई। इसके बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हो सकी। समाज की महिलाएं असुरक्षित है। मेवाड़ी गेट क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित टेंपो स्टेंड पर मनचलों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां मनचले राह से गुजरती महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ कर फब्तियां कसते हैं। रात्रि के वक्त शराब पीकर उत्पात भी मचाते हैं। लुहार समाज ने क्षेत्र में संचालित टेंपो स्टेंड को हटाने व समाज के बेघर परिवारों को आवास उपलब्ध करवाने की मांग की। केसावत ने महिला सुरक्षा से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस उपाधीक्षक शर्मा ने भी समस्या को सुनकर संवदेनशीलता दिखाई और जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया। थानाधिकारी नेगी ने भी आश्वस्त किया कि इस मामले में किसी भी निर्दोष की गिरफ्तारी नहीं होगी और जो दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
मीडिया से बातचीत में केसावत ने निर्दोष महिलाओं पर लाठीचार्ज को बर्बरता बताते हुए निंदा की। उन्होंने कहा कि घटना के वक्त थाने के बाहर दो पक्ष मौजूद थे। थाने पर पथराव दूसरे पक्ष ने किया था। जबकि महिलाओं को आरोपी बनाकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जबकि दूसरे पक्ष के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। इस मामले में किसी भी निर्दोष को सजा नहीं होने दी जाएगी। लाठीचार्ज के लिए जो पुलिसकर्मी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्यवाही होगी।
-सुमित सारस्वत, पत्रकार, ब्यावर

error: Content is protected !!