9 जनवरी से शुरू होगा दूसरे चरण का नामांकन

panchayat chunavअजमेर। पंचायतीराज चुनाव के तहत दूसरे चरण में जिला परिषद के 11 वार्डाें के नामांकन कल 9 जनवरी से कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में लिए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आरूषी मलिक ने बताया कि दूसरे चरण की अधिसूचना कल 9 जनवरी को जारी होगी। नामांकन प्रक्रिया 9 से 12 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक रहेगी। जिला परिषद के वार्ड संख्या 10, 11, 12, 13, 22, 23, 24, 28, 29, 30 एवं 31 में चुनाव के लिए नामांकन पत्र कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लिए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 13 जनवरी को होगी। नाम वापसी 14 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक हो सकेगी। इसी दिन चुनाव चिन्ह का भी आवंटन कर दिया जाएगा। इन वार्डाें में 22 जनवरी को प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कुमार के अनुसार तीसरे चरण में जिला परिषद के 7 वार्डाें में चुनाव होंगे। इस चरण की अधिसूचना 17 जनवरी को जारी होगी। नामांकन प्रक्रिया 17 जनवरी से 20 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक रहेगी। जिला परिषद के वार्ड संख्या 18, 19, 20, 21, 25, 26 एवं 27 में चुनाव के लिए नामांकन पत्र कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लिए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 21 जनवरी को होगी। नाम वापसी 22 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक हो सकेगी। इसी दिन चुनाव चिन्ह का भी आवंटन कर दिया जाएगा। इन वार्डाें में 30 जनवरी को प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि तीनों चरणों के लिए हुए मतदान की मतगणना 5 फरवरी को राजकीय पोलिटेक्निक कॉलेज अजमेर में प्रात: 8 बजे से में होगी। जिला प्रमुख निर्वाचन के लिए बैठक 7 फरवरी तथा उप जिला प्रमुख निर्वाचन के लिए बैठक 8 फरवरी को होगी। इसी तरह पंचायत समितियों में प्रधान व उप प्रधान के निर्वाचन के लिए बैठक भी क्रमश: 7 व 8 फरवरी को होगी।

पंचायत समितियों में तीन चरणों में होंगे चुनाव
पंचायत समितियों में द्वितीय चरण में श्रीनगर, अरांई, मसूदा तथा तीसरे चरण में किशनगढ़, केकड़ी व सरवाड़ पंचायत समितियों में चुनाव होंगे।

चुनाव चिन्ह आवंटित
अजमेर। पंचायतीराज चुनाव के तहत आज नाम वापसी के पश्चात् प्रथम चरण के अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटन किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थित में चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए।

14 वार्डाें में 28 प्रत्याशी मैदान में
अजमेर। पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में नाम वापसी के पश्चात् अब जिला परिषद के 14 वार्डाें में 28 प्रत्याशी मैदान में है। जिला निर्वाचन विभाग के अनुसार सभी वार्डाें में भाजपा व आई.एन.सी. के प्रत्याशियों में सीधा मुकाबला है।

यादव अजमेर जिले के चुनाव पर्यवेक्षक
अजमेर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा श्री जगरूप सिंह यादव को अजमेर जिले का चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। श्री यादव सर्किट हाउस अजमेर के कमरा नम्बर 6 में ठहरेंगे। उनके फोन नम्बर 0145-2425795 है।

चुनाव वीडियो कॉन्फ्रेन्स
अजमेर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की तैयारी पर चर्चा हेतु आयुक्त राज्य निर्वाचक आयोग द्वारा कल 9 जनवरी को अपरान्ह् 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से चुनाव से जुड़े अधिकारियों से चर्चा की जायेगी।

मतदान व रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण
अजमेर। जिला निर्वाचन विभाग ने मतदान व रिटर्निंग अधिकारियों की तिथियां तय कर दी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कुमार ने बताया कि मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण 9 व 10 जनवरी को तथा रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण 12 जनवरी को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी श्री भगवत सिंह राठौड ने बताया कि आगामी 12 जनवरी को प्रात: 10 से 12 बजे तक जोनल मजिस्ट्रेट को तथा दोपहर 2 बजे से रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

पंचायती राज चुनाव में नियोजित होंगे होमगार्ड
अजमेर। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले पंचायती राज चुनाव में गृह रक्षा स्वयं सेवकों को 12 जनवरी से नियोजित किया जाएगा। गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र अजमेर के समादेष्टा श्री एल.एन.एस. राठौड़ ने बताया कि अजमेर के गृह रक्षा स्वयं सेवक 11 जनवरी को पुलिस लाईन तथा उपकेन्द्र ब्यावर, किशनगढ़, केकडी, पुष्कर एवं नसीराबाद के गृह रक्षा स्वयं सेवक अपने अपने केन्द्रो पर संपर्क करें।

प्रथम चरण के चुनाव संबंधी बैठक सम्पन्न
अजमेर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कुमार ने कहा कि पंचायतीराज चुनाव सबसे अहम एवं चुनौतीपूर्ण हैं। सभी अधिकारी 16 जनवरी को होने वाले प्रथम चरण के चुनाव के लिए जुट जाएं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री किशोर कुमार ने गुरूवार को अजमेर जिले में पंचायतीराज चुनाव से जुड़े प्रभारी अधिकारियों की बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमें चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पूरी मुस्तैदी एवं गम्भीरता के साथ कार्य में जुटना होगा। सभी उपखण्ड अधिकारी जिन्हें रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। वे अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को समय रहते पूरा कर लें।
उन्होंने कहा कि आगामी 16 जनवरी को होने वाले प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दल 15 जनवरी को प्रात: 9 बजे अजमेर के राजकीय पोलोटेक्निक कॉलेज पहुंचेंगे। वहां प्रशिक्षण के उपरान्त प्रात: 11 बजे से मतदान दलों की रवानगी शुरू हो जाएगी। सभी मतदान केन्द्रों पर शाम तक मतदान दल पहुंच जाएंगे।
उन्होंने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र में तैनात एरिया व जोनल मजिस्ट्रेट के जरिए आदर्श आचार संहिता की पालना एवं मतदान दिवस से पूर्व की जाने वाली तैयारियां समय पर करवाएं। मतदान दिवस पर प्रात: से ही सभी संबंधित अधिकारी व पुलिस बल मतदान केन्द्रों पर निर्विघ्न मतदान के लिए तैनात रहेगा। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री हरफूल सिंह यादव, नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सी.आर. मीना, जिला रसद अधिकारी श्री सुरेश सिंधी, अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव श्री कृष्णावतार त्रिवेदी, महिला एवं बाल विकास की उप निदेशक प्रियंका जोधावत, वरिष्ठ लेखाधिकारी श्रीमती आनन्द आशुतोष, आर.पी.एस.सी. के उप सचिव श्री भगवत सिंह राठौड, निक प्रभारी श्री अंकुर गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

रेनबो सप्ताह कल से
अजमेर। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आरूषी मलिक ने पंचायती राज चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए चलायी जा रही स्वीप कार्य योजना के तहत रेनबो सप्ताह आयोजित करने के निर्देश दिये है। रेनबो सप्ताह कल 9 से 15 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप कमेटी के अध्यक्ष श्री लालाराम गूगरवाल ने बताया कि रेनबो सप्ताह के तहत कल 9 जनवरी को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए चलो चले वोट डालने के नारे के साथ साईकिल रेली का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 जनवरी को रंगोली लोकतंत्र की, 11 जनवरी को महिला बढेगी वोट करेगी के नारे के साथ महिला जागरूकता, 12 जनवरी को उजियारा लोकतन्त्र के कार्यक्रम के तहत केन्डल रेली, 13 जनवरी को वोट मैराथन, 14 जनवरी हम और हमारा लोकतन्त्र कार्यक्रम के तहत मानव श्रंृखला तथा 15 जनवरी को मतदान संकल्प समारोह आयोजित किया जाएगा।

error: Content is protected !!