गौरव पथ पर डिवाइडर व नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ
अजमेर। शिक्षा राज्यमंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों व आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के प्रति संकल्पबद्घ है। विकास कार्यों की गति में कोई कमी आने नही दी जाएगी।
प्रो. देवनानी आज कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी मार्ग से वैशाली नगर की और जा रहे गौरव पथ पर 35 लाख की लागत से बनने वाले डिवाइडर व नाली निर्माण कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के वर्तमान कार्यकाल के दौरान अब तक अजमेर में 21 करोड से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है। विकास की इस गति को अनवरत बनाए रखते हुए आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु धन की कमी आने नही दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अजमेर में स्मार्ट सिटी की परिकल्पना को साकार किया जाना है, ऐसे में शहर के बाजारों व मार्गो को भी स्मार्ट बनाया जाएगा। गौरव पथ से वैशाली नगर तक के इस मार्ग पर डिवाइडर बनने से इसे स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वैशाली नगर का यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गो में से है, ऐसे में इस मार्ग पर डिवाइडर ना होने से कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। डिवाइडर बनने से राहगीरों, वाहनचालकों व आमजन को काफी राहत मिलेगी।
श्री अरविन्द यादव ने कहा कि इस मार्ग पर डिवाइडर बन जाने से यातायात का निर्बाध आवागमन हो सकेगा। डिवाइडर के अभाव में दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर डिवाइडर व नाली निर्माण के साथ सडक पर पेवरीकरण का कार्य भी किया जाना है। पार्षद नीरज जैन ने कहा कि गौरवपथ मार्ग पर डिवाइडर नही होने आमजन काफी परेशानी होती है। डिवाइडर बन जाने से जहां आमजन को राहत मिलेगी वहीं मार्ग के सौन्दर्य में निखार आएगा।
इसके बाद प्रो. देवनानी ने राजस्थान स्वीट्स के सामने शांतिपुरा में भूमि पूजन कर डिवाइडर व नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर गणमान्य नागरिक व आमजन उपस्थित थे।
