राजस्थान लोक सेवा आयोग की तकनीकी शिक्षा व्याख्याता परीक्षा
आयोग की सबसे बड़ी आॅन लाईन पांच दिवसीय परीक्षा के दो चरण सफलता पूर्वक सम्पन्न
अजमेर 10 जनवरी। राजस्थान लोक सेवा आयोग की सबसे बड़ी पांच दिवसीय आॅन लाइन परीक्षा के आज दूसरे दिन तक 18 हजार 433 परीक्षार्थियों ने आठ जिलों के 56 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा दी। दो दिन में तीन पारियों में आयोजित इस परीक्षा में 40 हजार 355 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पंजीकृत थे।
तकनीकी शिक्षा के 333 व्याख्याता पदों के लिए आयोजित इस पांच दिवसीय परीक्षा में 64 हजार 823 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पंजीकृत किए गए।
आयोग के अध्यक्ष डाॅ. ललित के. पंवार ने दो दिन में अजमेर के विभिन्न आठ परीक्षा केन्द्रों पर जाकर परीक्षा व्यवस्थाओं को देखा एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पूरे देश के विभिन्न लोक सेवा आयोगों द्वारा आॅन लाइन ली जाने वाले यह सबसे बड़ी परीक्षा है जिसके लिए आयोग द्वारा व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए और इसकी तैयारी पूर्व से ही प्रारम्भ की गई। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पावर बैकअप, साॅफ्टवेयर बैकअप लोकल एरिया नेटवर्क पर निर्धारित किए गए जो पूरी तरह से सफल रहे।
आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्रा, आयोग द्वारा जारी निर्देश पत्रा के पीछे के खाली स्थान तथा परीक्षा केन्द्र की लोकेशन शीट के खाली स्थान पर परीक्षा के कार्य करने तथा रबर पैन्सिल ले जाने की छूट दी गई। उन्होंने बताया कि पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित आॅनलाइन परीक्षा के पांच दिनों में दो दिन की परीक्षा पूर्ण की गई है। इसका तीसरा चरण 16 जनवरी को प्रारम्भ होगा।
आयोग के सचिव श्री नरेश कुमार ठकराल ने बताया कि परीक्षा के प्रथम दिन 9 जनवरी को एक पारी में आयोजित इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की परीक्षा में 12 हजार 207 परीक्षार्थियों में से 6 हजार 863 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए उपस्थित हुए जिनका प्रतिशत 56.22 था। इस दिन सर्वाधिक 59.55 प्रतिशत उपस्थिति जयपुर में थी। इसके अतिरिक्त अजमेर में 51.63, अलवर में 51.24, बीकानेर में 49.79, जोधपुर में 46.75, कोटा में 48.71, सीकर में 54.38 तथा सबसे कम उदयपुर में 42.57 प्रतिशत परीक्षार्थी सम्मिलित हुए।
आज दूसरे दिन की प्रथम पारी में इलेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग की परीक्षा मंे 13 हजार 816 परीक्षार्थियों में से 5 हजार 553 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए जो 40.19 प्रतिशत है। सर्वाधिक 43.98 प्रतिशत परीक्षार्थी जयपुर में सम्मिलित हुए। इसके अतिरिक्त अजमेर में 35.73, अलवर में 35.25, बीकानेर में 31.49, जोधपुर में 32.84, कोटा में 33.79, सीकर में 36.77 तथा सबसे कम उदयपुर में 30.01 प्रतिशत परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। आज की दूसरी पारी की कम्प्यूटर इंजीनियरिंग की परीक्षा में 14 हजार 332 परीक्षार्थियों में से 6 हजार 17 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए जो 41.98 प्रतिशत है। सर्वाधिक 47.25 प्रतिशत परीक्षार्थी जयपुर में सम्मिलित हुए। इसके अतिरिक्त अजमेर में 39.15, अलवर में 32.86, बीकानेर में 32.20, जोधपुर में 37.78, कोटा में 34.29, सीकर में 39.03 तथा सबसे कम उदयपुर में 30.42 प्रतिशत परीक्षार्थी सम्मिलित हुए।
आयोग के उप सचिव श्री भगवत सिंह राठौड़ ने बताया कि आगामी 16 जनवरी को दो पारी में आयोजित परीक्षा में 17 हजार 772 परीक्षार्थी सम्मिलित होगे। 18 जनवरी को दो पारी में 5 हजार 240 तथा 19 जनवरी को एक पारी में आयोजित परीक्षा में एक हजार 462 परीक्षार्थी सम्मिलित होगे।