लैदर बैग व पर्स निर्माण के प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमन्त्रित

beawar-samacharब्यावर, 19 सितम्बर। आयुक्त उद्योग विभाग जयपुर के निर्देशानुसार सितम्बर माह 2016 से लैदर बैग व पर्स निर्माण संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला उद्योग केन्द्र ब्यावर में प्रारम्भ किया जाना प्रस्तावित है। इस संबंध में प्रशिक्षणार्थियों से आवेदन आमन्त्रित किये गए हैं।
जिला उद्योग अधिकारी प्रवीण मेहरा के अनुसार लैदर बैग, पर्स निर्माण संबंधी 2 माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए 20 प्रशिक्षणार्थियों के लिए किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें नव उद्यमी जो लैदर बैग व पर्स के उद्योग स्थापित करना चाहते हैं वे प्रशिक्षण के माध्यम से कौशल प्राप्त कर अपने उद्योग स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणार्थी सादे कागज पर मय फोटोग्राफ बायोडेटा को प्रस्तुत कर सकते हैं, जिसमें प्रशिक्षणार्थी की आयु 18 से 34 वर्ष हों एवं शिक्षित अथवा 8वीं पास को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान टूलकिट व स्टाईफण्ड भी दिया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग उपकेन्द्र ब्यावर में सम्पर्क किया जा सकता है। –00–
विधिक जागृति विषयक कार्यक्र्रम आयोजित
ब्यावर, 19 सितम्बर। विधिक सेवा दिवस 2016 के तहत राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्यावर में विधिक जागृति विषयक कार्यक्रम के तहत पोस्टर, पेन्टिंग, वाद-विवाद एवं निबन्ध प्रतियोगिताआें का आयोजन किया गया।
संस्था प्रधान नारायण सिंह पंवार ने बताया कि विधिक जागृति विषयक कार्यक्रम के तहत आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम आदित्य कुमावत, द्वितीय यश शर्मा व तृतीय पंकज शर्मा रहे। निबन्ध लेखन में प्रथम जितेन्द्र कुमार प्रजापत, द्वितीय परविन्दर सिंह व तृतीय विष्णु सोनी रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष में प्रथम रक्षित भट्ट, द्वितीय दिलीप सिंह व तृतीय राहुल गर्ग रहे, इसी विपक्ष में प्रथम मोहम्मद एजाज, द्वितीय खुश गहलोत एवं तृतीय रवि कुमावत रहे। उन्होंने बताया कि उपखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 22 व 23 सितम्बर को विद्यालय सभागार में होगा, जिसमें उपखण्ड के सभी विद्यालयों को 22 सितम्बर 2016 को पोस्टर व निबन्ध लेखन के विजेताओं की प्रविष्ठियां प्रेषित करनी होंगी एवं 23 सितम्बर को वाद-विवाद प्रतियोगिता के लिए सम्भागियों को आयोजन स्थल पर उपस्थिति देनी है।–00–
महात्मा गांधी नरेगा एवं इन्दिरा आवास योजना
के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण कार्य
ब्यावर, 19 सितम्बर। पंचायत समिति जवाजा की समस्त ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी नरेगा एवं इन्दिरा आवास योजना के अन्तर्गत वर्ष 2016-17 की प्रथम छः माह के लिए सामाजिक अंकेक्षण का कार्य जारी है । जिसके तहत 23 सितम्बर 2016 को 7 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम अधिकारी एवं विकास अधिकारी श्री शिवदान सिंह ने बताया कि महात्मा गांधी नरेगा एवं इन्दिरा आवास योजना के अन्तर्गत 1 अक्टूबर से 2015 से 31 मार्च 2016 की अवधि तक सामाजिक अंकेक्षण कार्य किया जाना है, जिसके तहत 23 सितम्बर को जवाजा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रावतमाल, कोटड़ा, मालातों की बेर, नरबदखेड़ा, सरमालिया, बड़ाखेड़ा व सुहावा में सामाजिक अंकेक्षण का कार्य किया जाएगा। इस संबंध में समस्त ग्राम सेवक, पदेन सचिव कनिष्ठ लिपिकों को सामाजिक अंकेक्षण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि सामाजिक व अंकेक्षण का कार्य गत 2 सितम्बर 2016 से जारी है।
सामाजिक अंकेक्षण का कार्यक्रम
सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम के अनुसार 23 सितम्बर 2016 को ग्राम पंचायत रावतमाल, कोटड़ा, मालातों की बेर, नरबदखेड़ा, सरमालिया, बड़ाखेड़ा व सुहावा में एवं 30 सितम्बर 2016 को ग्राम पंचायत देवाता, टॉडगढ़, अतीतमण्ड, आसन, ब्यावरखास, मेड़िया व तारागढ़ में ग्राम सभा में सामाजिक अंकेक्षण का कार्य होगा।–00–

error: Content is protected !!