केन्द्र सरकार ने किया अजमेर का स्मार्ट सिटी के रूप में चयन

1947.60 करोड़ रूपए के विकास कार्यों के प्रस्ताव
केन्द्र, राज्य, नगर निगम, पीपीपी एवं अन्य स्त्रोतों से होंगे विकास कार्य
अमेरिका के तकनीकी सहयोग से विकसित होगा अजमेर

ajmer smart cityअजमेर, 20 सितम्बर। केन्द्र सरकार ने मंगलवार को अजमेर का स्मार्ट सिटी के रूप में चयन किया। योजना में अजमेर में 1947.60 करोड़ रूपए के विकास कार्य प्रस्तावित किए गए है। यह कार्य केन्द्र सरकार, राज्य सरकार, नगर निगम, पीपीपी एवं अन्य स्त्रोतों से करवाए जाएंगे। इन कार्यों में अमेरिका का भी तकनीकी सहयोग अजमेर को मिलेगा।
जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल ने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत अजमेर शहर के विभिन्न वार्डो तथा हिस्सों में विभिन्न कार्य करवाए जाएंगे। योजना के तहत हैरिटेज, कला एवं संस्कृति, पर्यटन, तीर्थ यात्रा, पर्यावरण, ईको फ्रेंडली रहवास, इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं जन सुविधाएं तथा तकनीकी नवचार एवं स्टार्टअप के क्षेत्रा में कार्य करवाए जाएंगे।
श्री गोयल ने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत 1947.60 करोड़ रूपए के कामों के प्रस्ताव बनवाए गए है। इनमें से कुछ कार्य स्मार्ट सिटी, कुछ कार्य हृदय योजना, कुछ कार्य पीपीपी, रेलवे, सीएसआर,अमृत एवं अन्य योजनाओं में करवाए जाएंगे।
हैरिटेज, कला एवं संस्कृति के क्षेत्रा में जयपुर रोड का सौन्दर्यीकरण, सुभाष उद्यान का सौन्दर्यीकरण, लोक कला एवं मूर्तियों की स्थापना, ऑडिटोरियम का निर्माण तथा स्थानीय क्राफ्ट, लोक कला, लोक संगीत एवं लोक नृत्य आदि को प्रोत्साहन देने के कार्य किए जाएंगे। इसके लिए 62.50 करोड़ रूपए के कार्य प्रस्तावित किए गए है।
इसी तरह अजमेर में पर्यटन तीर्थ यात्रा को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पर्यटन सूचना केन्द्रों की स्थापना, रेलवे स्टेशन से दरगाह तक स्काई वॉक के जरिए वॉक वे की स्थापना प्रस्तावित है। इस कार्य के लिए 15 करोड़ रूपए प्रस्तावित किए गए है।
श्री गोयल ने बताया कि अजमेर में पर्यावरण एवं इको फ्रंेडली लिविंग को बढ़ावा देने के लिए झील सौन्दर्यीकरण, झील से मिट्टी निकालना, ड्रेन ट्रीटमेन्ट, झील के किनारों का सौन्दर्यीकरण, ओपन एयर एम्फीथियेटर, पार्क पाथ वे, सोलर पैनल रूफ, म्यूजिकल फाउंटेन, बोटिंग और वॉटर स्पोर्टस, हैरिटेज म्यूजियम, मेगा एम्यूजमेन्ट पार्क, ओपन जिम, ग्रीन बिल्डिंग, स्मार्ट सैन्ट्रलाइज्ड बस स्टैण्ड, आधुनिकीकृत, फुटपाथ व साईकिल ट्रेक, स्मार्ट पार्किंग, सड़कों का विकास, रैन वॉटर हॉरवेस्टिंग, सैनिटेशन, स्वास्थ्य, मोबाइल हैल्थ केयर सेन्टर, स्मार्ट क्लास, पटेल मैदान का आधुनिकीकरण, सौर ऊर्जा का उत्पादन आदि कार्य प्रस्तावित है। इन सब कार्यों के लिए 1255.58 करोड़ रूपए के प्रस्ताव तैयार किए गए। इसी तरह आई.टी. विकास, नवाचार एवं स्टार्टअप आदि के लिए 79.70 करोड़ रूपए के प्रस्ताव तैयार किए। अन्य कार्यों के लिए भी करोड़ों रूपए के प्रस्ताव तैयार कराए गए है।
जिला कलक्टर ने बताया कि इनमे से कुछ राशि केन्द्र सरकार, कुछ राशि राज्य सरकार, कुछ नगर निगम एवं कुछ राशि पीपीपी सहित अन्य स्त्रोतों से मिलेगी। यह कार्य अजमेर के विकास में मिल का पत्थर साबित होंगे। शीघ्र ही इन कार्यों के लिए कंसलटेन्ट नियुक्त कर कार्य शुरू करवाया जाएगा।
अजमेर में स्मार्ट सिटी के तहत मुख्यतः वार्ड संख्या 1,2,6,12,43,44,50,51,54,55,56,57 एवं 60 में कार्य करवाए जाएंगे। इसमें कुल 1556 एकड़ एरिया विकसित होगा। इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी स्मार्ट सिटी के कार्य करवाए जाएंगे।

error: Content is protected !!