केकड़ी27 दिसंबर।
केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक व राजस्थान की कांग्रेस सरकार के काबीना मंत्री डॉ रघु शर्मा को चिकित्सा एंव स्वास्थ्य विभाग सहित आयुर्वेद एंव भारतीय चिकित्सा विभाग, चिकित्सा एंव स्वास्थ्य सेवाएं तथा सूचना एंव जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें चिकित्सा सेवाओं का मंत्री बनाये जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। डॉ शर्मा को चिकित्सा एंव स्वास्थ्य विभाग का मंत्री बनाये जाने से क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों को पंख लग गए हैं, लोगों को उम्मीद है कि डॉ शर्मा के चिकित्सा सेवाओं का मंत्री बनने पर अब केकड़ी मुख्यालय पर स्थित राजकीय अस्पताल की भी कायापलट होगी वहीं क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेगी और लम्बे अर्से यहां अस्पताल में रिक्त चल रहे डॉक्टरों व अन्य चिकित्सा कर्मियों के पदों पर नियुक्तियां हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि डॉ रघु शर्मा ने अपने पिछले कार्यकाल में केकड़ी मुख्यालय पर साढ़े बत्तीस करोड़ रुपये की लागत से भव्य अस्पताल भवन बनवाकर क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों को जगाया था लेकिन उसके बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन हो गया और लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया क्योंकि राज्य की नई सरकार लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कर सकी और तो ओर यहां अस्पताल में डॉक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्तियां तक नहीं कर सकी। क्षेत्र के लोग पूरे पांच साल चिकित्सा सुविधाओं के लिए तरसते रहे। यहां अस्पताल में डॉक्टरों की कमी व चिकित्सा सुविधाओं के अभाव की वजह से लोगों को चिकित्सा लाभ लेने के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ा। वहीं चिकित्सा सेवाओं के लिए रुपया खर्च करना पड़ा। क्षेत्र के लोगों को छोटी मोटी जांचे भी बाहर निजी क्लिनिकों से करानी पड़ती रही। लेकिन अब डॉ रघु शर्मा के चिकित्सा मंत्री बनने पर लोगों को यह उम्मीद है कि केकड़ी सहित क्षेत्र के सभी छोटे बड़े गांवों में जहां चिकित्सा सुविधाएं बेहतर होगी वहीं क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज खुलने का सपना भी पूरा होगा। उधर राजस्थान के लोगों को भी डॉ शर्मा के चिकित्सा मंत्री बनने पर राज्य में चिकित्सा सेवाओं के पहले से बेहतर होने के साथ ही सुद्रढ़ होने की आशा जगी है क्योंकि डॉ शर्मा की कार्यशैली ही कुछ ऐसी है कि वे जिस भी काम को करते है उसे बड़ी जिम्मेदारी, लगन व सूझबूझ से करते हैं। माना तो ये भी जा रहा है कि डॉ शर्मा शहरों में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी चिकित्सा सेवाओं को पहले से बेहतर बनाएंगे। हालांकि राजस्थान में बिगड़ी चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुधारना एक बड़ी चुनौती है। राज्य में डॉक्टरों की कमी है वहीं डॉक्टर्स गांवों में सेवाएं देने के लिए उपलब्ध नहीं होते। डॉ शर्मा अपने कुशल नेतृत्व व लम्बे राजनीतिक अनुभव से इस चुनौती को अपनी कार्यशैली से मैनेज कर लेंगे। इसके साथ ही क्षेत्रीय वाशिन्दों को डॉक्टर शर्मा से सबसे बड़ी उम्मीद केकड़ी को जिला बनवाने की है।
डॉ रघु शर्मा को चिकित्सा विभाग सहित चार विभागों का मंत्री बनाये जाने पर लोगों द्वारा उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हो गया है। क्षेत्र के लोग, पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक उन्हें बधाईयां दे रहे हैं।