दादाबाड़ी में पधारेंगे संत-भगवंत

नाै दिवसीय भव्य महोत्सव का होगा आगाज, नौ दिन होंगे धार्मिक आयोजन
ब्यावर,11 जनवरी। शहर में बिजयनगर रोड स्थित जैन दादाबाड़ी में शनिवार को श्री संभवनाथ भगवान के भव्य अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ होगा। यहां श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ के सानिध्य में 12 से 20 जनवरी तक महोत्सव आयोजित होगा।

दादाबाड़ी का शिखर
निर्माण व महोत्सव संयोजक सुरेश कांकरिया ने बताया कि प्रथम दिन शनिवार को समस्त साधु-साध्वी भगवंतों का प्रतिष्ठा निमित्त मंगल प्रवेश होगा। गणाधीश पंन्यासप्रवर विनयकुशलमुनि महाराज, विरागमुनि, नंदीशेनमुनि, भव्यमुनि, मालवा मेवाड़ ज्योति गुणरंजना श्रीजी, सुरंजना श्रीजी, जयशिशु विरतीयशा श्रीजी, हर्षयशा श्रीजी व मनोहर श्रीजी सहित कई संतों-साध्वियों का दादाबाड़ी में मंगल प्रवेश होगा। प्रात: 7.30 बजे पीपलिया बाजार स्थित शांतिनाथ जैन मंदिर से गाजे-बाजे के साथ प्रस्थान कर पाली बाजार मंदिर होते हुए भारत माता सर्किल, सूरजपोल गेट होते हुए दादाबाड़ी पहुंचेंगे। यहां पलक-पावड़े बिछाकर संतों की अगुवानी की जाएगी। कुशल महिला मंडल व नवयुवक मंडल सहित सकल संघ संतों-भगवंतों का स्वागत करने को आतुर है। महोत्सव में भाग लेने हेतु देशभर से जैन समाज के श्रावक-श्राविकाएं ब्यावर पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को संघ अध्यक्ष सतीश मेड़तवाल, मंत्री महेंद्र छाजेड़, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद कांकरिया, सह संयोजक चेतन हालाखण्डी, बलवंत रांका, बिरदीचंद चौपड़ा, राकेश भण्डारी, नवयुवक मंडल अध्यक्ष राकेश डोसी, महिला मंडल अध्यक्ष निशा चौपड़ा सहित संघ सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
कुंभ स्थापना व ज्वारारोपण से आरंभ
सह संयोजक राकेश डोसी ने बताया कि कुशल महिला मंडल द्वारा ज्वारारोपण कर महोत्सव की शुरूआत की जाएगी। साथ ही कुंभ स्थापना, दीपक स्थापना व जिन कुशल गौतम प्रसादी मंडल का उद्घाटन होगा। पारसकुमार सतीशकुमार मेड़तवाल की ओर से वैदि पूजन किया जाएगा। इसके बाद पंच कल्याणक पूजन होगा।

error: Content is protected !!