अखिल भारतीय तीरंदाजी में सैन्य टीमों का वर्चस्व

पारम्परिक खेल बढ़ा रहे है देश का गौरव- भदेल

अजमेर- 20 मई। सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में पटेल मैदान पर आयोजित अखिल भारतीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में सोमवार को अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सैन्य टीमों ने पदक दर पदक जीत कर अपना वर्चस्व बनाया। सीनियर वर्ग के मुकाबलों में एक ओर सेना के खिलाडिय़ों का बोलबाला रहा वहीं छोटी उम्र के मुकाबलों में मेजबान राजस्थान के तीरंदाजों ने अपने करतब दिखाए। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों में से 200 से भी अधिक तीरंदाजों ने अपना कौशल दिखाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री एवं वर्तमान अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पारम्परिक खेल देश का गौरव बढ़ा रहे है। ओलम्पिक, एशियाई खेल, कॉमन वेल्थ गेम्स एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तीरंदाजी के साथ-साथ हॉकी, निशानेबाजी, कुश्ती, कबड्डी सहित अन्य खेलों ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर विश्व खेल जगत को चौकाया है। उन्होंने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान ने इसी कला के माध्यम से 16 बार मुगल शासक गौरी को परास्त किया। तब से अब तक तीरंदाजी भारतीय खेल जगत का अहम हिस्सा बना हुआ है। राजस्थान में इस खेल की एकेडमियां भी खुल चुकी है जहां प्रदेश के युवा तीरंदाज लगातार अभ्यास कर रहे है। देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतियोगिता में भाग लेने आए तीरंदाजों का सम्राट पृथ्वीराज चौहान की धरती पर भदेल ने स्वागत करते हुए कहा कि आगामी वर्षाे में इस प्रतियोगिता को और विशाल रूप प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर समारोह की अध्यक्षता कर रहे सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट अमित शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से अजमेर के खेल जगत में नई ऊर्जा उत्पन्न होगी।
विनीत लोहिया ने कहा कि आयोजन समिति का प्रयास रहेगा कि चन्दबरदाई नगर स्टेडियम में आने वाले वर्षाे में इसका विशाल आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पूरे वर्ष तैयारी की जाएगी। चन्दबरदाई नगर स्टेडियम में सभी खेलों की अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होने से खेल आयोजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी।

इससे पहले उप महापौर संपत सांखला पूर्व उपमहापौर सोमरत्न आर्य, अमरसिंह राठौड़, एवं अन्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए।

आयोजन समिति के प्रमुख कंवल प्रकाश किशनानी ने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता से देशभर में उनके यश और गौरव को जानने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाडिय़ों को ट्रॉफी प्रदान करने के साथ-साथ स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए। आगामी वर्षाे में इसे और बढ़ा स्वरूप प्रदान किया जाएगा। आयोजन सचिव हिम्मतसिंह राठौड़ ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयुवर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए जहां विजेताओं को पदकों के साथ-साथ नकद पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। करणी स्पोटर्स एकेडमी की ओर से पारम्परिक खेलों को निरन्तर प्रभावशाली तरीके से प्रोत्साहित किया जा रहा है। समारोह का संचालन मोती सिंह ने किया।
ओलम्पिक राउंड-इंडियन – प्रदीप (कुमायुं रेजीमेंट) स्वर्ण, अमित खंडारी (गढ़वाल रेजीमेंट) रजत एवं रोबिन (कुमायुं रेजीमेंट) कांस्य। ओलम्पिक राउंड-रीकर्व – कनक वेदवान- स्वर्ण, कपिश सिंह- रजत एवं छानक्या- कांस्य (तीनों रांची) ओलम्पिक राउंड-कम्पाउंड- विपुल गढवाल-स्वर्ण, आमिर खान-रजत (दोनो गढवाल रेजीमेंट) एवं सुनील तिवारी (नागा रेजीमेंट) व कृतिका शर्मा (करणी शूटिंग)-कांस्य।
इंडियन राउंड सीनियर टीम – कुमाऊ रेजीमेंट रानीखेत- स्वर्ण, साउथ वेस्ट कमांड रांची- रजत एवं नागा रेजीमेंट कोटा- कांस्य। रिकर्व राउंड सीनियर टीम- साउथ वेस्ट कमांड- स्वर्ण एवं रजत तथा कुमाऊ रेजीमेंट रानीखेत- कांस्य। कम्पाउंड टीम सीनियर – गढवाल राइफल रेजीमेंट उत्तराखंड- स्वर्ण, साउथ वेस्ट कमांड- रजत एवं कुमाऊ रेजीमेंट- कांस्य।

error: Content is protected !!