अजमेर, 19 जून। प्रमुख शासन सचिव एवं अध्यक्ष डिस्कॉम्स की अध्यक्षता में सोमवार 17 जून वीडियों कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों की पालना में मंगलवार 18 जून को अधिकारियों एवं अभियंताओं द्वारा 2500 गांवों का दौरा किया गया एवं 10017 ग्रामीणों से विद्युत व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया गया। 9822 ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था के बारे में संतुष्टि जाहिर की एवं 195 ग्रामीणों ने और सुधार करने की पेशकश की।
इसी क्रम में बुधवार 19 जून को प्रबंध निदेशक श्री वी. एस. भाटी ने भैरूंदा जीएसएस के अधीन भैरूंदा, बनवाड़ा, सुदवाड़ एवं डोडियाना गांव का दौरा किया एवं ग्रामीणों से विद्युत व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया गया। जनप्रतिनिधि श्री विजयपाल मिर्धा द्वारा दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अन्तर्गत ग्राम डोडियाना में स्वीकृत नए 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण नहीं होने के बारे मे चर्चा की। भूमि विवाद के कारण जीएसएस के निर्माण कार्य नहीं हो सका। इस संबंध में प्रबंध निदेषक ने पंचायत समिति को 20 जून तक विवाद का निस्तारण करके सहायक अभियंता भैरूंदा को भूमि आवंटन करने हेतु आग्रह किया एवं अधिशाषी अभियंता (प्रोजेक्ट) नागौर को डोडियाना जीएसएस का निर्माण कार्य शुक्रवार से प्रारम्भ करने एवं शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिये।
मोबाईल पर उपभोक्ता की समस्या का रेस्पॉन्स नहीं देने के कारण किया निलम्बित
वीडिया कॉन्फ्रेंस में निर्देश दिए गए थे कि उपभोक्ता एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मोबाईल पर प्राप्त समस्याओं का समाधान करने हेतु प्रत्येक कॉल का उत्तर/रेस्पॉन्स दिया जाना सुनिश्चित करें। यदि कॉल पर रेस्पॉन्स नहीं किया गया और भविष्य में ऐसी कोई शिकायत प्राप्त हुई तो संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। निर्देशों की पालना नहीं किए जाने के कारण अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक श्री वी. एस. भाटी के निर्देशानुसार आदेश जारी कर एक कनिष्ठ अभियंता एवं दो तकनीकी सहायकों को निलम्बित किया गया।
गौरतलब है कि सोमवार को हुई वीडियों कॉन्फ्रेंस में दिए गए दिशा निर्देशों की पालना नहीं किए जाने- फोन पर रेस्पॉन्स नहीं देने, विद्युत उपभोक्ता की समस्या का समाधान नहीं करने एवं कार्य में लापरवाही बरतनें के कारण सहायक अभियंता (पवस) सराड़ा में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (सिमारी) श्री मुकेष को अधीक्षण अभियंता (पवस) उदयपुर श्री गिरीष पारिक ने एवं सहायक अभियंता (पवस) देह में कार्यरत तकनीकी सहायक श्री राम नारायण तथा सहायक अभियंता (पवस) रियांबड़ी कार्यालय के अधीन कार्यरत तकनीकी सहायक श्री जय किशन को अधीक्षण अभियंता(पवस) नागौर श्री आर. बी. सिंह ने आदेश जारी कर निलम्बित किया।
निलम्बन काल के दौरान श्री मुकेष का मुख्यालय उदयपुर, श्री राम नारायण का मुख्यालय सहायक अभियंता (पवस) मेड़ता सिटी एवं श्री जय किशन का मुख्यालय सहायक अभियंता (पवस) देह रहेगा। उन्हें मुख्यालय पर प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करवानी होगी।