राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर होंगे अनेक कार्यक्रम

अजमेर, 27 सितम्बर। जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने सभी उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एवं अन्य विभागों के कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर आयोजित होने वाले रक्तदान कार्यक्रम के लिए जिले के ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रेरित करें। जयंती सप्ताह के तहत 2 से 9 अक्टूबर तक अनेक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने आज कलेक्टे्रट स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र में आयोजित वीडियो कॉफ्रेसिंग के जरिए जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एवं अन्य स्तर के सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचरियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। इस कार्य से प्रत्येक व्यक्ति को जोड़ा जाना चाहिए। सभी अधिकारी व कर्मचारी आमजन को रक्तदान तथा संकल्प पत्र भरने के लिए प्रेरित करें। इसके लिए सभी अधिकारी स्वयंसेवी संगठन एवं शैक्षणिक संस्थाएं टीम भावना से कार्य करें तथा जिलेभर में इसके लिए उत्साह का वातावरण बनाया जाए। जिले में लगभग पन्द्रह स्थानों पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा
जिला कलक्टर ने बताया कि गांधी सप्ताह के तहत 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर अन्तर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप मे मनाया जाएगा। इस दिन प्रातः 7.30 बजे गांधी संदेश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत पर प्रभातफेरी के साथ गांधी संदेश यात्रा सुनिश्चित करें। गांधी भवन पर भजन एवं रामधुन का आयोजन होगा। इसी दिन पुलिस थानों में शांति समितियों की बैठकों का आयोजन भी होगा। उन्होंने बताया कि दो अक्टूबर को जेल सम्वासियों के साथ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन राजकीय संग्रहालय में गांधीजी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी तथा दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होगा। दो अक्टूबर को ही अरबन हाट में गांधी शिल्प मेला एवं खादी प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा। गांधी शिल्प मेले के दौरान प्रतिदिन सांय गांधीजी के जीवन दर्शन पर फिल्म प्रदर्शन होगा। 2 से 9 अक्टूबर तक खादी उत्सव के तहत चरखा चलाने का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। विद्यालयों में गांधीजी पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। इस कार्य के लिए शिक्षा विभाग को जिम्मेदारी सौपी गई। इसी दिन वृक्षारोपण के कार्यक्रम भी आयोजित होगे।
बैठक में बताया कि तीन अक्टूबर को सूचना केन्द्र में महिला सशक्तिकरण दिवस पर स्वयं सहायता समूहों (राजीविका) को जोड़ते हुए प्रतिभागी गतिविधिया आयोजित होगी। जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली महिलाओं से रूबरू हो सकेंगे।
सप्ताह के तहत 4 अक्टूबर को स्वच्छता दिवस पर सफाई कर्मचारियों का सम्मान एवं सफाई श्रमदान कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें प्रातः नोसर गांव में नगर निगम द्वारा श्रमदान तथा कच्ची झुग्गी झोपड़ियों में सफाई अभियान आयोजित होगा। इसी प्रकार 5 अक्टूबर को सामाजिक उत्थान दिवस पर जेरियाट्रिक पीड़ित, शारीरिक रूप से अक्षम, अपाहिज बच्चों और कुष्ठ पीड़ितों के साथ सप्ताह पर्यन्त कार्यक्रम होंगे। इस दिन शहीद भगत सिंह उद्यान वैशाली नगर में वृहद शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें निशक्तजनों के प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। वृद्धजनों की चिकित्सा जांच होगी तथा महावीर विकलांग सेवा समिति के माध्यम से 25 ट्राई साईकिलों का वितरण भी किया जाएगा। शिविर में पेंशन प्रकरणों की समस्याओं के समाधान के लिए भी कार्यवाही होगी। शिविर में उपखण्ड अधिकारी अजमेर, लीड बैंक अधिकारी, नगर निगम, कोषाधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
जिला कलक्टर ने बताया कि सप्ताह का समापन 9 अक्टूबर को पटेल मैदान में वृहद कार्यक्रम के रूप में होगा। इसके लिए तैयारियां प्रारंभ करने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चन्द्र शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री अरविंद सेंगवा, उपखण्ड अधिकारी अर्तिका शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

गम्भीरता से करें मतदाता सूचियों का सत्यापन
अजमेर, 27 सितम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्व मोहन शर्मा ने जिले के सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों, उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों का सत्यापन कार्य पूरी गम्भीरता के साथ करें।
उन्होंने बताया कि मतदाता द्वारा स्वयं सत्यापन कार्यक्रम जारी है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि एक जनवरी 2020 को समस्त योग्य वयस्क व्यक्ति्यों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने चाहिए साथ ही मृत अथवा स्थानान्तरित मतदाता की सूची से विलोपन भी किया जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चन्द्र शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री अरविंद सेंगवा, उपखण्ड अधिकारी अर्तिका शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बिना सक्षम स्वीकृति के नहीं होगा कोई भी बड़ा समारोह – जिला कलक्टर
अजमेर, 27 सितम्बर। जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि उनके क्षेत्र में कोई भी बड़ा आयोजन, जहां भीड़ इकठ्ठा होने वाली हो, बिना सक्षम स्वीकृति के आयोजित नहीं किया जा सकता। अधिकारी उनके क्षेत्र में कानून एवं शान्ति व्यवस्था या दुर्घटना से संबंधित जानकारियां तुरन्त सक्षम स्तर तक पहुंचाएंगे। कहा है कि जिले में बड़े पैमाने पर आयोजित होने वाले प्रत्येक समारोह की सक्षम स्वीकृति लिया जाना अनिवार्य है। बिना सक्षम स्वीकृति के कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र में आयोजित वीडियो कॉफ्रेसिंग में यह निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि उपखण्ड अधिकारी व तहसीलदार यह ध्यान रखें कि उनके क्षेत्र में कोई भी बड़ा आयोजन बिना स्वीकृति के नहीं हो। आने वाला समय त्यौहारों का समय है। ऎसे में विभिन्न धार्मिक आयोजनों, यात्राओं आदि के लिए सक्षम स्वीकृति लिया जाना अतिआवश्यक है। आयोजन के समय अधिकारी वहां सुरक्षा इंतजामों, नक्शा, जर्जर ईमारतों से दूरी, विद्युत व्यवस्था, आयोजक का नाम पता, बैरेकेटिंग आदि का विशेष ध्यान रखें। इसी तरह किसी भी तरह की दुर्घटना या कानून व्यवस्था को खतरे की स्थिति में तुरन्त उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाए यह आदेश पुलिस एवं प्रशासन के सभी स्तर के अधिकारियों पर लागू होंगे।

समाज कल्याण सप्ताह एक अक्टूबर से
अजमेर, 27 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आगामी एक से 9 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह का आयोजन होगा। जिसमें विविध कार्यक्रम किए जाएंगे।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि एक अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाएगा। इस दिन वयोवृद्ध व्यक्तियों का सम्मान तथा वृद्ध व्यक्तियों की चिकित्सा संबंधी जांच कार्य होंगे। इसी प्रकार 2 अक्टूबर को अनुसूचित जातियों का कल्याण दिवस होगा। इस दिन अनुसूचित जाति के व्यक्तियों की समस्याओं एवं छुआछूत उन्मूलन पर विचार गोष्ठी का आयोजन, स्वच्छ भारत अभियान के अन्तर्गत छात्रावासों में विशेष सफाई अभियान के कार्य होंगे। 3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस के रूप में जिला केन्द्रीय कारागृह अजमेर में बंदियों की समस्याओं एवं परिवीक्षा अधिनियम पर विचार गोष्ठी, बंदियों की पारिवारिक भूमि एवं विवादों की जानकारी प्राप्त करना व उनके निपटारे में सहायता करना, केन्द्रीय कारागृह अजमेर में बंदियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ करना तथा दिवस पर उनको प्रचलित नियमों के अनुरूप परिवारों से मिलवाने का कार्यक्रम होगा। 4 अक्टूबर को बाल दिवस पर निराश्रित बालकों के लिए सम्भ्रात व्यक्तियों के माध्यम से फोस्टर केयर उपलब्ध कराना, बच्चों की स्वास्थ्य एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन कर पुरस्कार वितरण करना, निराश्रित बालगृहों का निरीक्षण एवं जन प्रतिनिधियों का विजिट करा समाज सुधार हेतु सुझाव आमंत्रित करना तथा बाल गृहों पर विशेष सफाई अभियान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को महिला कल्याण दिवस पर महिलाओं की समस्याओं पर विचार गोष्ठी आयोजित करना तथा महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रामों को प्रारम्भ किया जाएगा। 6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस पर सामाजिक कुरीतियां जैसे दहेज प्रथा, बाल विवाह, पर्दा प्रथा, मृत्यु भोज आदि पर विचार गोष्ठी करवाना, स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से नशामुक्ति कार्यक्रम पर गोष्ठी रैली तथा विभिन्न माध्यमों से जन जागृति पैदा करना, समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरूद्ध जनचेतना जागृत करना तथा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार प्रसार कर जनचेतना जागृत की जाएगी। 7 अक्टूबर को कुष्ठ रोग के प्रति जन चेतना एवं कुष्ठ पीड़ितों के बच्चों के लिए कार्यक्रम पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अजमेर के सहयोग से नए ऑडिटोरियम में मेडिकल शिविर आयोजित कर कुष्ठ पीड़ितों की विशेष चिकित्सा जांच तथा कुष्ठ पीड़ितों के बच्चों को पालनहार योजना में नवीन आवेदन पत्र तैयार कराए जाएंगे। इसी प्रकार 9 अक्टूबर को विशेष योग्यजन कल्याण दिवस एवं समाज कल्याण सप्ताह के समापन पर विशेष योग्यजन के लिए खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करना, विशेष योग्यजन के लिए संचालित विशेष स्कूलों के माध्यम से शिक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ करना तथा समाज कल्याण सप्ताह का समापन कार्यक्रम आयोजित होगा।

पुष्कर मेला 2019
आध्यात्मिक यात्रा व्यवस्था उपसमिति की बैठक 30 को
अजमेर, 27 सितम्बर। पुष्कर मेला 2019 के दौरान आयोजित होने वाली आध्यात्मिक यात्रा व्यवस्था हेतु उपखण्ड अधिकारी पुष्कर एवं अध्यक्ष आध्यात्मिक यात्रा व्यवस्था उपसमिति की अध्यक्षता में 30 सितम्बर को मध्यान्ह 12 बजे कार्यालय उपखण्ड अधिकारी, पुष्कर सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गिरीश कुमार बचानी ने यह जानकारी दी।

पानी के बिलो की भुगतान तिथि बढ़ाई
अजमेर, 27 सितम्बर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के नगर उपखण्ड अष्टम के सहायक अभियंता श्री मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि माह सितम्बर 2019 में आदर्श नगर, शालीमार कॉलोनी, अलखनंदा कॉलोनी, पर्वतपुरा रिको, विकास नगर, जवाहर नगर, उतंराचल कॉलोनी, सुन्दर विहार कॉलोनी, माखुपुरा, रिको एरिया, गेल कॉलोनी, नाडी का चौडा, हटुण्डी रोड, बाण्यात की ढाणी, आम का बेरा, पाल्या बेरा गीली गाल, नसीराबाद रोड, रामदेव नगर बडगांव क्षेत्र, सेठी कॉलोनी व सावरीया विहार कॉलोनी क्षेत्र के जल शुल्क बिलों की भुगतान तिथि चैक द्वारा 26 सितम्बर 2019 के स्थान पर 7 अक्टूबर 2019 व नगद द्वारा 30 सितम्बर 2019 के स्थान पर 9 अक्टूबर 2019 तक बढ़ाई गई है।

error: Content is protected !!