बौद्धिक दिव्यांग बच्चों के लिए अजमेर में कार्यरत ‘शुभदा’ संस्था की ओर से लड़कियों के लिए पृथक से विशेष केन्द्र की स्थापना की गई है। ज्ञान विहार स्थित ‘शुभदा गर्ल्स’ नामक इस केन्द्र में बड़ी होती विमंदित लड़कियों के लिए विशेष शिक्षण-प्रशिक्षण की व्यापक व्यवस्था होगी। नवरात्र की षष्ठी तिथि के अवसर पर होने वाली ‘निःशक्त की शक्तिपूजा’ कार्यक्रम के साथ शुक्रवार को इस क्रेन्द्र का शुभारंभ होगा।
विगत अनेक वर्षों से लड़के व लड़कियों के लिए एक ही छत के नीचे सामूहिक शिक्षक-प्रशिक्षण होता रहा है। इस दौरान अनेक ऐसे अवसर आए जब लड़कियों के लिए पृथक केन्द की आवश्यकता महसूस की गई। सीमित संसाधनों के चलते ऐसा तत्काल संभव नहीं हो सका। अब समुदाय के सहयोग से इसे आरंभ किया जा रहा है।
केन्द्र के कार्यक्रमों में सुबह के दैनिक क्रियाकलापों से आरंभ करते हुए व्यायाम, फिजिओथैरेपी, आवश्यक शिक्षण के साथ घरेलू रखरखाव व रसोई के कामों का प्रशिक्षण शामिल है। इसी के साथ आर्ट एंड क्राफ्ट व सामूहिक गीत-संगीत व नृत्य तक के सर्वांगीण प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। लड़कियों को जीवन जीने के लिए जरूरी ज्ञान और कौशल देकर उन्हें इस योग्य बनाने के प्रयास होंगे कि वह भी अपने बल पर सम्मान पूर्वक सामान्य जीवन जी सकंे। इसी के साथ उनके अभिभावक इस गंभीर समस्या से मुक्त हो सकें कि हमारे बाद इसका क्या होगा ?
टीवी पर सीरियल और फिल्मों के चलते विशेष बच्चे बहुत कुछ देखते हैं। परिवार में अभिभावक अपने स्तर पर समस्या का निवारण करतेे हैं। अब परिजनों के स्मार्ट फोन ने इस समस्या को और बढ़ाया है। बढ़ती उम्र होने वाले शारीरिक बदलाव की प्रबलता और इसकी तुलना में मानसिक दुर्बलता के कारण अनेक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे में विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण को सामान्यजन की भांति नियंत्रित करना या व्यक्तिगत निजता को बनाए रखना इनके बस मेें नहीं होता। इसके लिए इन्हें विशेष प्रशिक्षण व अभ्यास कराने की आवश्यकता होती है।
बालिका से किशोर और किशोरवय की देहरी लांघते हुए युवती होने जा रही लड़कियों की व्यक्तिगत समस्याओं के निदान व निवारण के लिए विशेषज्ञों व अभिभावकों के समावेश से कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक विशेष बच्चे की समस्या अन्य से अलग होती है और उसी के अनुरूप निवारण की कार्य योजना भी।
विशेष बालिकाओं के लिए स्थापित इस पृथक केन्द्र के परिचालन का समस्त कार्य महिलाओं द्वारा ही सम्पादित होगा। इसमें विभिन्न डॉक्टर, थैरेपिस्ट, प्रशिक्षक व सहायक कर्मी शामिल हैं।
