अजमेर, 03 अक्टूबर। महात्मा गांधी की 150 वीं जयन्ती समारोह के तहत गुरूवार को सूचना केन्द्र सभागार में जिला स्तरीय गांधी दर्शन एवं महिला सशक्तिकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने कहा कि गांधी जी के विचाराें एवं उनके आदर्शों को अपनाकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में कारगार प्रयास किए जा सकते है। इस बारे में सभी को मिलकर विचार करने की आज जरूरत है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हो रहे कार्यों से महिला सशक्त हुई है। आज महिला को अपने परिवार की देखभाल के साथ हर क्षेत्र में कार्य करना पड़ता है। आने वाला समय महिलाओं का ही होगा। जहां हर क्षेत्र में महिलाएं नजर आएंगी। कम्प्यूटर एवं आईटी के माध्यम से हो रहे कार्यों में महिलाओं की भूमिका रहेगी।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में भी महिलाओं की भूमिका रही थी। आज ग्रामीण विकास एवं महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महिलाओं की विशेष भूमिका है। उन्होंने बताया कि आगामी पुष्कर मेले में स्वयं सहायता समूहों की अलग स्टॉल लगायी जाएगी ताकि समूहों द्वारा बनाए गए उत्पाद लोग जान सके तथा समूहों का आर्थिक सशक्तिकरण भी हो सके। उन्होंने बताया कि समाज में बाल विवाह जैसी अनेक कुरीतियां प्रचलित है। जिन्हें सभी मिलकर दूर करने का प्रयास करें। उन्होंने अलवर की बेटी पायल को मिले ग्लोबल चैंज मैकर अवार्ड की चर्चा करते हुए कहा कि वह भी एक महिला ही है। जिसने बाल विवाह रोकने के लिए सभी को प्रेरित किया।
कार्यशाला में गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक एवं पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहेती ने कहा कि नारी शक्ति मजबूत होगी तभी देश का विकास होगा। राजस्थान की धरती वीरों की धरती रही है। यहां अनेक वीरांगनाओं ने काम करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया था। आज समय है जब नारी शक्ति को शिक्षा एवं स्वावलम्बन के लिए आगे बढ़ाना होगा। इसके लिए हर गांव में महिलाओं के नेतृत्व में कताई, बुनाई एवं कढ़ाई के कार्यक्रम चलाने होंगे तभी महिलाएं स्वावलम्बी होगी। आज महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वावलम्बी बनी है। इन्हें प्रोत्साहित करने की जरूरत है।
इस मौके पर जिला दर्शन समिति के संयोजक श्री शक्ति प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षा के प्रचार से आज समाज में काफी सुधार हुआ है। अभी भी बाल विवाह एवं अन्य कुरीतियां प्रचलित है। जिन्हें दूर करने की जरूरत है। उन्होंने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने की जरूरत बताते हुए कहा कि एक महिला यदि शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है।
कार्यशाला में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने गांधी जी के विचारों एवं आदर्शों की जानकारी देते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यशाला में राजीविका की श्रीमती रूचि जैन ने राजीविका के माध्यम से कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। वहीं राजकीय महिला चिकित्सालय की अधीक्षक डॉ. पूर्णिमा पचौरी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की उपादेयता बताते हुए पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत प्रमुख -प्रमुख बातों की जानकारी दी। उन्होंने महिला शिक्षा पर भी जोर दिया। हाथीखेड़ा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मीनू चतुर्वेदी ने कहा कि महिलाओ ंके आर्थिक स्वावलम्बन एवं स्वतंत्रता से ही वह समाज में आगे बढ़ सकती है।
इस मौके पर गांधी जीवन दर्शन समिति द्वारा जिला कलक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर आधारित स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मुरारी लाल वर्मा, सराधना की सरपंच मधु परोधा, पत्रकार शिखा शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रारम्भ में महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक श्री जितेन्द्र शर्मा ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यशाला में गांधी जी पर बनी लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
शुक्रवार को स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती समारोह के तहत शुक्रवार 4 अक्टूबर को स्वच्छता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। नगर निगम के उपायुक्त श्री गजेन्द्र सिंह रलावता ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः 6.45 बजे नौसर घाटी कच्ची बस्ती में श्रमदान का आयोजन होगा तथा प्रातः 11.30 बजे गांधी भवन स्थित कार्यालय पर सफाई कर्मचारियों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिन प्रातः 10 बजे से 4 बजे तक गांधी भवन पर रामधुनी कार्यक्रम का आयोजन होगा।
प्रभारी एवं अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी नियुक्त
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर 9 अक्टूबर को पटेल मैदान में समापन समारोह आयोजन के लिए अतिरिक्त कलक्टर द्वितीय श्री कैलाश चंद लखारा को प्रभारी अधिकारी तथा उपखण्ड अधिकारी अजमेर श्रीमती अर्तिका शुक्ला को अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। जिला कलक्टर ने दोनो अधिकारियों को समस्त विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू रूप से आयोजन कराने के निर्देश दिए है।
समापन समारोह की तैयारियों के संबंध में बैठक 4 को
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर 9 अक्टूबर को पटेल मैदान में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संबंध में बैठक जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार 4 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी।
जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिमि की बैठक 10 को
अजमेर, 03 अक्टूबर। जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक आगामी गुरूवार 10 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे जिला कलक्टर कार्यालय अजमेर के राजीव गांधी सेवा केन्द्र के सभागार में आयोजित की जाएगी। समिति के सचिव एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद शर्मा ने यह जानकारी दी।
महानवमी एवं दशहरा पर्व के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
अजमेर, 03 अक्टूबर। आगामी 7 अक्टूूबर को महानवमी एवं दशहरा पर्व पर शहर में कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है।
जिला मजिस्ट्रेट श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि महानवमी पर्व के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट अजमेर श्रीमती अर्तिका शुक्ला एवं आईएएस प्रशिक्षु श्रीमती नित्या के को दरगाह क्षेत्र के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। जबकि एमडीएस विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार श्री संजय कुमार माथुर को अजमेर उत्तर क्षेत्र के लिए तथा तहसीलदार श्रीमती प्रीति चौहान को अजमेर दक्षिण क्षेत्र के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व के लिए अजमेर डिस्कॉम के सचिव श्री एन.एल.राठी को पटेल मैदान पर तथा उप पंजीयक श्री सांवर लाल को घसेटी बाजार से पटेल स्टेडियम तक कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। इन पर्वों पर शहर की कानून व्यवस्था के प्रभारी अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर होंगे।
मतदाता सत्यापन कार्यक्रम 15 अक्टूबर तक
अजमेर, 03 अक्टूबर। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अजमेर दक्षिण (101) में अर्हता एक जनवरी 2020 के अन्तर्गत मतदाता सत्यापन कार्यक्रम 15 अक्टूबर 2019 तक चलाया जा रहा है। जिसके अन्तर्गत विधानसभा के सभी नियुक्त बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी श्रीमती अर्तिका शुक्ला ने बताया कि एक सितम्बर 2019 से 15 अक्टूबर 2019 के मध्य मतदाताओं का सत्यापन में प्रविष्टियों का सत्यापन आयोग द्वारा अधिकृत किए गए 7 दस्तावेजों (भारतीय पासपोर्ट, ड्राइविंग लाईसेंस, आधार कार्ड, राशन कार्ड, सरकारी/अद्र्धसरकारी कर्मियों को जारी पहचान पत्र, बैंक की पासबुक, किसान पहचान पत्र एवं आयोग द्वारा अन्य दस्तावेज) में से किसी एक के साथ किया जाना है। कार्यक्रम के दौरान बीएलओ मतदाताओं से व्यक्तिगत सम्पर्क कर मतदाता सूचियों में उनकी प्रविष्टियों का सत्यापन के साथ उनके टेलीफोन/ मोबाइल नम्बर एवं ई मेल इत्यादि प्राप्त करेंगे।
उन्होंने सभी मतदाताओं से यह अपेक्षा की है कि मतदाता सत्यापन कार्यक्रम में अपने से संबंधित बीएलओ को पूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए उपरोक्त सत्यापन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाकर अधिक से अधिक सत्यापन करवावें ताकि उक्त राष्ट्रीय कार्य में प्रगति लायी जा सके।
समाज कल्याण सप्ताह 2019
4 अक्टूबर को मनाया जाएगा बाल दिवस
अजमेर, 03 अक्टूबर। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के द्वारा मनाए जा रहे समाज कल्याण सप्ताह के तहत 4 अक्टूबर को बाल दिवस मनाया जाएगा। इस दिन प्रातः 10 बजे से 3 बजे तक निराश्रित बालकों के लिए फोस्टर केयर उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं बच्चों की स्वास्थ एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन कर पुरूस्कार वितरण किए जाएंगे। इसी दिन निराश्रित बालगृहों का निरीक्षण तथा विशेष सफाई अभियान भी किया जाएगा।