चतुर्थ अन्तर्राष्ट्रीय बर्ड फेयर का हुआ समापन

अजमेर. आसमान में स्वच्छंद उडऩे वाले प्रवासी और देशी परिन्दे हमारी शान हैं। ये प्रकृति की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ हमें तनावमुक्ति, सतत विकास और शांति का संदेश देते हैं। हमें परिन्दों के प्राकृतिक घरौंदों के साथ-साथ पर्यावरण को को बचाना चाहिए, ताकि भावी पीढ़ी को भी इन्हें देखने, समझने और जानने का अवसर मिले। कुछ ऐसे विचारों के साथ रविवार को चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय बर्ड फेयर का समापन हुआ। राजस्थान पत्रिका, नगर निगम और एडीए के तत्वावधान में आयोजित समारोह में पेंटिंग, वीडियो-मोबाइल स्पर्धा के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

पक्षी कराते आनंद की अनुभूति
विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि पक्षी जीवन में आनंद की अनुभूति कराते हैं। पत्रिका के प्रयासों से बर्ड फेयर अब अजमेर की पहचान बन चुका है। पक्षियों को बचाने के लिए प्रशासन ने चाइनीज मांझे पर रोक लगाई। सागर विहार झील में प्राकृतिक मिनी बर्ड पार्क का निर्माण कराया है। झील में पक्षियों का कलरव देखना बेहद सुखद है।

पक्षियों को दें जीवन में स्थान-
जिला कलक्टर विश्व मोहन शर्मा ने कहा कि बर्ड फेयर में बच्चों ने कैनवास पर सतरंगी संसार उकेरा। उन्होंने पक्षियों और प्रकृति के लिए जैसे भाव दर्शाए वह सराहनीय है। कभी चिडिय़ा की चहचहाट से नींद खुलती थी। दुर्भाग्य से गौरेया और अन्य चिडिय़ा लुप्त हो रही हैं। हमें पक्षियों को भी प्रकृति और जीवन में अपनी तरह स्थान देना पड़ेगा। संचालन स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल की प्राचार्य वर्तिका शर्मा ने किया।

रहें प्रकृति के करीब-
राजस्थान पत्रिका अजमेर के संपादकीय प्रभारी के. आर. मुण्डियार ने कहा कि हम जितना प्रकृति के करीब रहेंगे, उतना स्वस्थ रहेंगे। राजस्थान पत्रिका ने सामाजिक सरोकारों का सदैव बढ़ावा दिया है। अंतर्राष्ट्रीय बर्ड फेयर समूचे देश की शान है। लोगों को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ, हरा-भरा रखना चाहिए। इस दौरान शाखा प्रबंधक बृजेश शर्मा ने धन्यवाद दिया।
बचाएं पक्षी, पेड़ और पर्यावरण-
पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने पत्रिका के बर्ड फेयर ने पक्षियों के प्रति कौतुहल और जागृति पैदा की है। पर्यावरण सुरक्षा में पक्षी भी जैव विविधता की तरह अहम हैं। कोकिल कंठ, गिद्ध दृष्टि, हिरण और हाथी चाल की उपमा भी पशु-पक्षियों के प्रेम को दर्शाती है। हमें पक्षी, पेड़ और पर्यावरण को बचाना चाहिए।
पक्षियों के कलरव ने बदले नजारे-
महापौर धर्मेन्द्र गहलोत ने कहा कि आनासागर शहर की धडक़न है। इसमें ११ नालों का पानी आता है, लेकिन राजस्थान पत्रिका के बर्ड फेयर ने झील को पर्यटन के रूप में विकसित किया है। उसी झील में पक्षियों के कलरव ने नजरें और नजारे बदल दिए हैं। शहर में झील और पानी नहीं होता शायद यह पक्षी यहां कभी नहीं आते। बढ़ती आबादी के चलते झील दिनों दिन सिकुड़ती जा रही है। पत्रिका के प्रयासों से झील का संवद्र्धन और संरक्षण बढ़ा है।

पक्षियों से लें सीख-
एडीएम (सिटी) सुरेश सिंधी ने कहा कि कभी कोई झील के पास से गुजरना नहीं चाहता था। अब झील और अठखेलियां करते परिन्दों को देखने दूरदराज से पर्यटक अजमेर आते हैं। पक्षियों से हमें अनुशासन और जीवन का आनंद लेने की सीख लेनी चाहिए।

बचाएं पशु-पक्षियों को
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की बहुत आवश्यकता है। दुर्भाग्य से पशुओं और परिन्दों की कई प्रजातियां विलुप्त हो रही हैं। पत्रिका के बर्ड फेयर ने पक्षियों के संरक्षण के साथ-साथ युवाओं-विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ा है।

यह रहे मौजूद-
क्षेत्रीय उपनिदेशक निकाय डॉ. अनुपमा टेलर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सीआईडी-सीबी)प्रीति चौधरी, टीआई सुनीता गुर्जर, पक्षीविद् डॉ. के.के. शर्मा, बर्ड कंजर्वेशन सोसायटी के अध्यक्ष महेंद्र विक्रम सिंह, लोक कला संस्थान के संजय सेठी, डॉ. विवेक शर्मा, ग्रीन आर्मी के अध्यक्ष सिद्ध भटनागर, सचिव कुलदीप सिंह गहलोत, एडीए एक्सईएन राजेंद्र कुड़ी, जेईएन अमित बजाज, रघुनंदन सिंह चौहान और अन्य

रेत पर छाए पंछी…
सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने बालू रेत पर अपनी कला दिखाई। उन्होंने रेत पर प्रवासी और देशी पक्षियों को उड़ते हुए दिखाया। साथ ही पक्षियों के संरक्षण और संवद्र्धन की अपील भी की। जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा, एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने उनकी कला को सराहा।

ग्रीन आर्मी ने बांटे पौधे-
ग्रीन आर्मी ने पर्यावरण सुरक्षा को लेकर प्रतिभागियों और आमजन से कई रोचक सवाल पूछे। सही जवाब देने वाले विजेताओं को कार्यकर्ताओं ने हरे पौधे प्रदान किए। साथ ही उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौध लगाने और स्वच्छता का आह्वान किया।

फिर मिलेंगे 2021 में..
अतिथियों ने आसमान पर रंगबिरंगे गुब्बारे छोडक़र 2021 में मिलने का संदेश दिया। बर्ड फेयर के आयोजन पर शहरवासियों ने स्वत:भागीदारी निभाई। कई देशी और विदेशी पर्यटक और पक्षीविद् पक्षियों के फोटो लेने और उनके बारे में बताते नजर आए।

error: Content is protected !!