कोई व्यक्ति भूखा ना सोए, कांग्रेस प्रशासन के साथ

विधायक राकेश पारीक, देहात अध्यक्ष राठौड़ के नेतृत्व में कलक्टर से मिले कांग्रेसी
समर्थन मूल्य खरीद केंद्र बढ़ाने की मांग
बीएलओ की सूची में सुधार पर प्रशासन सहमत

अजमेर, 17 अप्रैल। लॉक डाउन के दौरान अजमेर देहात क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोएगा। किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बीएलओ द्वारा तैयार सूचियों को भी त्रुटिहीन बनाया जाएगा। इसके साथ ही फसल खरीद केंद्रों पर भी सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
मसूदा कांग्रेस विधायक राकेश पारीक और देहात अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में जिला कलेक्टर से मिले प्रतिनिधि मंडल से बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति बनी। विधायक राकेश पारीक ने बताया कि जिला कलक्टर विश्व मोहन शर्मा से आज कलेक्ट्रेट में हुई वार्ता में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलक्टर से कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि कोई भी व्यक्ति भूखा ना सोए। जिला प्रशासन इस दिशा में बेहतरीन काम कर रहा है। कांग्रेस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने को तैयार है। काँग्रेस ने कलक्टर को जमीनी स्तर पर आ रही परेशानियों से अवगत कराया। इस पर जिला कलक्टर ने कहा कि उपखण्ड अधिकारियों को इस सम्बंध में निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस ने बताया कि कई जगहों पर बीएलओ ने घर बैठ कर ही सूखा सामान लाभान्वित लोगों की सूची बना ली है। इससे वास्तविक जरूरतमंद लोगों को राशन नही मिल पाया। जिला कलेक्टर ने कहा कि उपखण्ड अधिकारियों को कह कर सूची में संशोधन कर दिया जाएगा।
कांग्रेस ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में चयन से वंचित लोगों को राशन देने तथा ओटीपी के बजाय हस्ताक्षर से ही राशन देने का भी आग्रह किया। उन्होंने सीमा सील करने तथा कोरोना जांच बढ़ाने का आग्रह किया।
भाजपा पर लगाया ओछी राजनीति का आरोप
कांग्रेस ने महामारी के इस दौर में राजनीति करने पर भाजपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ओछी राजनीति कर रही है। हर जगह सरकारी काम मे अड़ंगा लगाया जा रहा है। पूर्व विधायक नसीम अख्तर इंसाफ ने कहा कि पुष्कर भाजपा विधायक राहत कामों में राजनीति कर रहे हैं, लॉक डाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। प्रतिनिधि मंडल में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय जैन, पूर्व राज्यमंत्री श्रीमती नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक श्री रामनारायण गुर्जर, प्रदेश सचिव श्री पारस पंच, कांग्रेस नेता श्री इंसाफ अली शामिल थे।

अजय शर्मा
कमल वर्मा, प्रवक्ता डीसीसी अजमेर

error: Content is protected !!