नेहरू अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाएं जल्द सुधारी जाएं-देवनानी

-अस्पताल में सुविधाओं का अभाव, शौचालयों व मूत्रालयों की समुचित सफाई नहीं होने पर जताई नाराजगी
-अस्पताल प्रशासन से बात कर जल्द से जल्द सफाई कर्मचारी बढ़ाने को कहा

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 28 अप्रैल। अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने आज जिला प्रभारी सचिव श्री भवानी सिंह देथा से मिलकर जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं और सुविधाओं के अभाव पर उनका ध्यान आकर्षित किया तथा कफ्र्यु क्षेत्र में जनता को घर पर बैंको द्वारा राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का आग्रह किया । अस्पताल प्रशासन ने इन सभी को जल्द से जल्द दुरूस्त करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि नेहरू अस्पताल में कोरोना पीड़ितों का इलाज किया जा रहा है। इसी प्रकार अन्य बीमारियों के मरीज भी भर्ती होने के लिए आते हैं, लेकिन मरीज और उनके साथ आने वाले परिजन के लिए सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में मरीजों के साथ-साथ परिजन को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में शौचालय और मूत्रालयों की हालत बेहद खराब है। अब जबकि कोरोना जैसी महामारी चल रही है और हर तरफ संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है, ऐसे में शौचालय और मूत्रालय गंदे होने के कारण यह संक्रमण मरीजों और परिजनों में फैलने का अंदेशा बना रहता है। गंदे शौचालयों और मूत्रालयों के कारण वार्डों में बदबू बनी रहती है। इसलिए अस्पताल प्रशासन को महामारी को देखते हुए सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर शौचालयों और मूत्रालयों की रोजाना व नियमित रूप से सफाई करने की व्यवस्था करनी चाहिए।
देवनानी ने इस संबंध में नेहरू मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य और अस्पताल अधीक्षक से भी बात की है। दोनों अधिकारियों ने देवनानी से शौचालयों और मूत्रालयों की सफाई व्यवस्था सुधारने और सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का भरोसा दिलाया है। दोनों अधिकारियों ने देवनानी से यह भी कहा कि जिन अव्यवस्थाओं और सुविधाओं में कमी की तरफ ध्यान आकर्षित किया गया है, उनमें भी जल्द से जल्द से सुधार किया जाएगा।
मिड डे मिल की सामग्री जरूरतमंदों को बांटी जाए
देवनानी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि सरकारी स्कूलों में मिड डे मिल की रखी सामग्री कोरोना लाॅकडाउन और कफ्र्यू के चलते जरूरतमंद लोगों को बंटवाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी सभी स्कूल बंद हैं और फिलहाल जल्दी स्कूल वाले भी नहीं हैं। ऐसे में मिड डे मिल के तहत स्कूलों में रखा अनाज, आटा व अन्य रसद सामग्री एकत्र कराकर तुरंत जरूरतमंदों को बांटी जाए, ताकि लोगों को इन सामग्रियों की कमी नहीं हो और वे इस संकट की घड़ी में अपना जीवनयापन सुगमता से कर सकें।
कफ्र्यू क्षेत्र में जनधन खाताधारियों को तुरंत मिले राशि
देवनानी ने प्रशासन से भी आग्रह किया है कि जिन लोगों के जनधन खातों में केंद्र सरकार की तरफ से राशि जमा करा दी गई है, वह राशि सभी संबंधित लोगों को पोस्टमेन के माध्यम से या बैंकों द्वारा अपने स्तर पर उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि शहर के आधे से ज्यादा हिस्सों में कफ्र्यू लगा हुआ है। इस कारण लोग बैंकों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। लोगों को लाॅकडाउन और काम-धंधा भी ठप है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों की इन परेशानियों को देखते हुए ही केंद्र सरकार ने जनधन खातों में अपनी तरफ से राशि जमा कराई है, ताकि लोगों को आर्थिक रूप से राहत मिल सके और किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। लेकिन कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्रों के लोग बैंकों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में बैंकों को अपने स्तर पर यह राशि सभी संबंधित लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था तुरंत करनी चाहिए।
चारे के वाहनों को मिले अनुमति
देवनानी ने जिला प्रशासन से कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्रों में स्थित गौशालाओं और गौपालकों की परेशानियों को देखते हुए चारे के वाहनों को आने की अनुमति देने को कहा है। उन्होंने कहा कि कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्रों में गौशालाओं के कार्यकर्ताओं और गौपालकों को चारे के अभाव में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे चारे की व्यवस्था नहीं होने से गायें भूख से तडप रही हैं। इसलिए चारे के वाहनों को कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्रों में आने की अनुमति तुरंत दी जानी चाहिए।
कार्यकर्ताओं से संवाद में मुद्दे आए सामने
उल्लेखनीय है कि देवनानी ने सोमवार को शहर भाजपा पृथ्वीराज मण्डल के कार्यकर्ताओं से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया तो अनेक कार्यकर्ताओं ने उन्हें नेहरू अस्पताल में सुविधाओं की कमी और अव्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि नेहरू अस्पताल में मरीजों की ना तो उचित सार सम्भाल हो रही है और ना ही समय पर जलपान की कोई व्यवस्था की जा रही है। अस्पताल में पेयजल तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इसी प्रकार कार्यकर्ताओं ने जनधन खातों में केंद्र सरकार द्वारा जमा राशि बैंकों से अपने स्तर पर खाताधारकों तक पहुंचाने की मांग की।

error: Content is protected !!