योग भारत की प्राचीन संस्कृति का अमूल्य उपहार, तन व मन को रखता है स्वस्थ: देवनानी

अजमेर, 21 जून। विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति का अमूल्य उपहार है जो हमारे तन व मन दोनों को स्वस्थ रखता है।
देवनानी ने रविवार को छठें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरोना महामारी के चलते अपने घर पर ही भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया। दो गज की दूरी के साथ उन्होने कार्यकर्ताओं के साथ योगासन, अनुलोम-विलोम, कपाल भांति, भ्रामरी, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास करते हुए सभी से नियमित रूप से योगाभ्यास करने का आव्हान किया।
देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर सम्पूर्ण विश्व ने योग को अपनाया तथा आज विश्व की बड़ी आबादी नियमित रूप से योगाभ्यास करती है। मोदी जी ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण में योग के महत्व के बारे में बताया था तथा उनकी पहल पर 21 जून 2015 को पहला अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। पिछले वर्षो में योग को दुनियाभर में अत्यधिक लोकप्रियता मिली है।
उन्होंने कहा कि योग व प्राणायाम के नियमित अभ्यास से हमारा स्वसन तंत्र मजबूत होता है तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है जबकि कोरोना वायरस हमारे श्वसन तंत्र पर ही हमला करता है। इस प्रकार योग हमारे शरीर को कोरोना वायरस से लड़ने की शक्ति भी प्रदान करता है। वर्तमान समय में सभी को नियमित रूप से योग व प्राणायाम का अभ्यास अवश्य करना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा शहर जिला उपाध्यक्ष जयकिशन पारवानी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सीताराम शर्मा, पार्षद नीरज जैन, महेन्द्र जादम, प्रकाश मेहरा, ज्ञानचन्द सारास्वत, अनीश मोयल, मण्डल महामंत्री सत्येन्द्र शर्मा, प्रेम आनन्दकर, सुरेश नवाल, नीतराज कच्छावा, आईटी कार्यकर्ता रचित कच्छावा, अनुपम गोयल आदि ने योगाभ्यास किया।

error: Content is protected !!