भाजपा हर वार्ड में हासिल करेगी सफलता: देवनानी

अजमेर, 18 जनवरी।
पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के बूथ स्तर से लेकर शहर जिले तक के कार्यकर्ता व पदाधिकारी एकजुटता के साथ नगर निगम के विभिन्न वार्डो के चुनाव में जुट गये है तथा सभी वार्डो में भाजपा प्रत्याशी सफलता हासिल करेंगे।
देवनानी ने सोमवार को भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में घर-घर सम्पर्क कर क्षेत्रवासियों को प्रदेश की कांग्रेस सरकार के दो साल के कार्यकाल की नाकामियों की जानकारी दे। जनता को यह भी बताए कि मुख्यमंत्री दो साल से अपनी कुर्सी बचाने के प्रयासों में ही उलझे हुए है जिससे अजमेर ही नहीं पूरे प्रदेश का विकास ठप्प हो चुका है। कांग्रेस अपने चुनावी वादों को भूला चुकी है। ना तो बेरोजगारों को भत्ता मिला और ना ही नौकरी के अवसर। अपनी घोषणा के विपरित बिजली के बिलों में भारी बढ़ोतरी की है।
देवनानी ने सोमवार को वार्ड 77 से भाजपा प्रत्याशी दीपेन्द्र लालवानी, वार्ड 70 से के.के.त्रिपाठी, वार्ड 8 से सुभाष जाटव तथा वार्ड 80 से भाजपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र सिंह चैहान के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भापजा शहर जिला उपाध्यक्ष जयकिशन पारवानी, सुलोचना शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!