कांग्रेस व भा ज पा दोनों की तोपे गरजी

केकड़ी 22 जनवरी (पवन राठी)राज्य में बहुचर्चित केकड़ी पालिका चुनाव प्रचार में आज से पारा अपने उच्चतम स्तर पर पंहुच गया।कांग्रेस व भा ज पा दोनों ही दलों का आज तोपखाना खुल गया और गोले बरसने शुरू हो गए और प्रचार रोमांचक मोड़ पर पहुच गया।पूरे शहर में अब चुनावी रंगत जमने लगी है।दोनों ही दलों के कार्य कर्ताओ में नए जोश का संचार प्रदेश स्तरीय नेताओ के दौरों से हुवा है।
राज्य के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने आज कांग्रेस के प्रचार की कमान संभालते ही अनेक वार्डो के कार्यालयों का उद्घाटन किया और कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं और उमीदवारों की बैठक लेकर उन्हें जीत का मंत्र दिया।
क्षेत्रीय विधायक डॉ रघु शर्मा ने यहां कृषि उपज मंडी में व्यापारियों द्वारा रखे गए कार्यक्रम में भाग लिया व वार्ड नं 24 में चुनाव कार्यालय का उदघाटन किया उसके बाद यहां कांग्रेस कार्यालय में उम्मीदवारों की बैठक लेकर उन्हें जीत का मंत्र दिया। वार्ड नं 24 की कांग्रेस प्रत्याशी मंजू देवी जैन के चुनाव कार्यालय के उदघाटन के अवसर पर चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा ने कहा कि भाजपा के लोग चुनावों में पैसा बांटकर आमजन की इज्ज़त को खरीदने का घिनौना काम कर रहे हैं। इन लोगों ने इंसान खरीदने की मंडी बना दी है। उन्होंने कहा कि इस वार्ड में भाजपा द्वारा पैसे बांटने की उन्हें जानकारी मिली है। भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए डॉ शर्मा ने कहा कि पिछले दस सालों से लगातार बोर्ड होने के बावजूद शहर का विकास नहीं करा सकी। आज जो शहर की दुर्दशा है उसकी जिम्मेदार भाजपा है। उन्होंने कहा कि दस सालों से लगातार बोर्ड होने व पिछली बार सत्ता में होने के बावजूद ऐसी कोई एक भी उपलब्धि नहीं जिसे भाजपा गिना सके। डॉ शर्मा ने कहा कि इस बार कांग्रेस को बोर्ड बनाने का मौका दें फिर देखे विकास कैसे होता है। उन्होंने कहा कि शहर के सर्वागीण, चहुमुंखी विकास में कोई कमी नहीं आएगी। खेल स्टेडियम, पब्लिक पार्क, ऑडिटोरियम, ओपन जिम, हर वार्ड में सड़क नालियां बनेगी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त होगी। साथ ही आमजन को हर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लेकर हम चुनाव मैदान में हैं। डॉ शर्मा ने अपील की कि वे कांग्रेस को समर्थन दें विकास की जिम्मेदारी हमारी है।
भाजपा नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने यहां कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया वहीं क्षेत्रीय विधायक व राज्य के चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा ने यहां वार्ड नं 24 में कांग्रेस कार्यालय का उदघाटन किया व उम्मीदवारों की बैठक लेकर उन्हें जीत का मंत्र दिया। दोनों दलों के प्रदेश स्तरीय नेताओं के आगमन से आज चुनावी माहौल में गर्माहट महसूस की गई। भाजपा नेता गुलाबचंद कटारिया के आगमन पर भाजपा युवा मोर्चा के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने यहां जयपुर-भीलवाड़ा बाईपास पर उनकी अगवानी की व वाहन रैली के साथ बैठक स्थल अग्रवाल धर्मशाला पहुंचे। यहां उम्मीदवारों व कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते हुए कटारिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव कार्य में जुट जाएं। टिकट जिसे मिलना था मिल गया अब वो लड़ाई छोड़कर सामने वाली पार्टी से मजबूती के साथ लड़ाई लड़े और भाजपा प्रत्याशी को विजय बनाएं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आव्हान किया की मतदान में पांच दिन शेष बचे हैं, ऐसे में घर-घर जाकर मतदाताओं को केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खत्म होती जा रही है, आने वाले समय में गिने चुने लोग रह जाएंगे। इस मौके पर उन्होंने राज्य सरकार की विफलताओं को गिनाते हुए कांग्रेस को आड़े हाथ लिया वहीं केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां बताई, उन्होंने राम मंदिर निर्माण, धारा 370 व कोरोना से लड़ाई व वेक्सिनेशन के बाद कोरोना की विदाई का भी जिक्र किया। कटारिया ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही चुनाव जीतने का मंत्र भी दिया।

error: Content is protected !!