वाहनों से तेल चुराने वाला गिरोह सक्रिय

केकड़ी 14 मार्च (पवन राठी)
रात में घरों के बाहर चौपहिया वाहनों को खड़े करना अब सुरक्षित नहीं रहा है। गत दिनों से चोर गिरोह सक्रिय है जो रात में घरों के बाहर खड़े वाहनों से पेट्रोल-डीजल चुरा लेता है। पिछले दिनों में शहर के कई वाहनों से पेट्रोल-डीजल चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं। गाड़ियों से डीजल-पेट्रोल चोरी की बढ़ रही घटनाओं से वाहन मालिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शातिर चोर घरों के बाहर खड़े वाहनों से रात में अंधेरे व चहल-पहल नहीं होने का फायदा उठाकर डीजल-पेट्रोल चुरा लेते हैं, वाहन मालिक को इसकी जानकारी तब चलती है जब वह अगले दिन अपनी गाड़ी स्टार्ट करता है या वाहन लेकर बाहर कहीं निकलता है। जानकारी के अनुसार यह गिरोह रात के समय घरों के बाहर खड़े चौपहिया वाहनों के फ्यूल टैंक में जाने वाला पाइप काटकर तेल चोरी कर रहा है। शहर में विगत कई दिनों में चौपहिया वाहनों से तेल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है, जिसकी पुलिस को खबर तक नहीं है। कल रात की ही घटना है यहां ढंड के रास्ते पर टेलीफोन एक्सचेंज के निकट स्थित कॉलोनी से शिक्षक दिलीप मिश्रा के घर के बाहर खड़ी उनकी अल्टो गाड़ी से चोर करीब 30 लीटर पेट्रोल निकाल कर ले गए, मिश्रा को बाहर जाना था इसलिए उन्होंने एक दिन पहले ही कार का टैंक फुल कराया था। दूसरे दिन गाड़ी स्टार्ट करने के बाद थोड़ी दूर चलते ही गाड़ी बंद होने लगी तब पता चला कि गाड़ी में तेल ही नहीं है, असल में पेट्रोल चोरी की जानकारी तो पेट्रोल पंप पर जाकर ही पता चली जब पेट्रोल डलाते समय पेट्रोल नीचे कटी फ्यूल पाइप से निकलने लगा। चोरों ने फ्यूल पाइप काटकर गाड़ी में से पेट्रोल चोरी कर लिया था। इसी प्रकार गत दिनों यहां भट्टा कॉलोनी निवासी कार मैकेनिक अमजद खान के घर के बाहर खड़ी तीन कारों में से चोर डीजल-पेट्रोल चोरी कर ले गए। अमजद को मामले की जानकारी दूसरे दिन सुबह पता चली। ऐसे और कॉलोनियों में भी इस प्रकार की वारदात होने की जानकारी मिली है। यह शातिर चोर घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को अपना निशाना बनाते हैं। ये चोर गाड़ी के नीचे फ्यूल टैंक में जाने वाली प्लास्टिक की पाइप को काटने के बाद टंकी में भरा डीजल-पेट्रोल निकाल लेते है। तेल चोरी होने के बाद वाहन मालिक को इसकी भनक तब लगती है जब वह गाड़ी स्टार्ट करता है तब उसे पता चलता है कि गाड़ी में तेल नहीं है। तेल चोरी होने के बाद भी कई बार गाड़ी मालिक को इसकी भनक नहीं लगती और जब पेट्रोल पम्प पर तेल डलवाया जाता है और तेल सडक़ पर बहता है जब इसकी जानकारी लगती है गाड़ी में फ्यूल टैंक का पाइप कटा हुआ है। शहर में इन दिनों तेल चोर गिरोह सक्रिय होने से वाहन मालिक परेशान है, लेकिन ताज्जुब इस बात का है कि एक भी वाहन मालिक ने कार से ईंधन चोरी का मामला पुलिस में दर्ज नहीं कराया है। पुलिस कार्यवाही नहीं होने की वजह से वाहनों से फ्यूल चुराने वाले गिरोह के हौसले बुलंद हैं। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक गाड़ी से फ्यूल चोरी के मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। वाहन मालिकों को चाहिए कि वे चोरी की वारदात की रिपोर्ट पुलिस में दें ताकि चोर गिरोह के खिलाफ कोई कार्यवाही हो सके। शहर में बढ रही फ्यूल चोरी की वारदातें पुलिस की गश्त की पोल खोल रही है। पुलिस की लापरवाही के चलते शहर में चोरी की वारदातों को बढावा मिल रहा है। फ्यूल चोरी के साथ-साथ शहर में मोटरसाइकिल चोर गिरोह भी सक्रिय है। शहर में आये दिन मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं हो रही है। खास बात यह है कि जहां फ्यूल चोरी की घटना आम लोगों की जुबान पर है मगर पुलिस अब तक इससे बेखबर है। हालांकि पुलिस के पास सभी सुचनाएं होंगी लेकिन पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए बेखबर बन रही है। इस मामले में थाना इंचार्ज पुलिस निरीक्षक ब्रजेश मीणा का कहना है कि गाड़ियों से फ्यूल चोरी होने की पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। कोई शिकायत मिलेगी तो कार्यवाही करेंगे। कुल मिलाकर वाहन मालिकों को ही सतर्कता बरतनी होगी वे या तो अपने वाहन को घर की चारदीवारी में पार्क करें या पार्किंग नहीं हो तो आवश्यकता अनुसार ही गाड़ी में फ्यूल रखें। वहीं वाहन से फ्यूल चोरी होने की जानकारी पुलिस को अवश्य दें ताकि पुलिस चोरों के खिलाफ समय पर उचित कार्यवाही कर ऐसी वारदातों पर अंकुश लगा सके।

इनका कहना है:-
वाहनों से तेल चोरी की बढ़ती घटनाओं को हमने गंभीरता से लिया है अनेक स्थानों पर सी सी टी वी फुटेज खंगाले गए है पुलिस टीम पूरी तरह से मुस्तेद है।आमजन कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस को सूचना जरूर देकर सहोयग करे जिससे पुलिस टीम अपने दायित्वों का भलीभांति निर्वहन कर सके।
बृजेश मीणा-थानाधिकारी केकड़ी

error: Content is protected !!