अजमेर शहर व्यापार महासंघ द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन भेजकर अनलॉक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की है। महासंघ के प्रवक्ता कमल गंगवाल व सीए विकास अग्रवाल ने बताया कि अध्यक्ष किशन गुप्ता की अध्यक्षता में एक वर्चुअल मीटिंग कर सभी व्यापारियों की सहमति से ज्ञापन तैयार कर गहलोत को भेजा गया। ज्ञापन में राज्य में तेजी से घटते कोविड संक्रमण के मद्देनजर अनलॉक प्रक्रिया में अब व्यावसायिक गतिविधियों को सवेरे 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक करने की अनुमति दी जानी चाहिए और वीकेंड कर्फ्यू को भी समाप्त किया जाना चाहिए।अग्रवाल व गंगवाल ने बताया कि वर्तमान अनलॉक प्रक्रिया के तहत सवेरे 6:00 से दोपहर 4:00 बजे तक दुकान खोलने की अनुमति है जो कि व्यापारी व आमजन की दृष्टि से व्यावहारिक नहीं है। गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते दोपहर 12:00 से सायं 4:00 बजे तक ग्राहकों का बाजारों में आना नामुमकिन है ऐसे में व्यापारिक दृष्टि से अनलॉक प्रक्रिया को सायं 8:00 बजे तक किया जाना चाहिए ताकि पिछले डेढ़ वर्ष से जो व्यापारी की जो कमर टूटी है उस पर मरहम लगाया जा सके। गुप्ता ने यह भी कहा कि अगर व्यापारी की बात नहीं सुनी तो व्यापारी और प्रशासन में टकराव की स्थिति आ सकती है क्योंकि व्यापारी अब पूरी तरह से टूट चुका है ऐसे में उसका भरण-पोषण का एकमात्र जरिया व्यवसाय ही है साथ ही सभी व्यापारी कोरोना गाइडलाइन की पूर्ण रूप से पालना करते हुए आ रहे हैं और पालना करते रहेंगे इसलिए अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह व्यापारी के पक्ष में निर्णय ले और व्यापारियों को आर्थिक पैकेज देकर व्यापारियों के लिए ‘डूबते को तिनके’ का सहारा बने। महासंघ के संरक्षक भगवान चंदीराम व महामंत्री प्रवीण जैन ने कहा कि जब देश के अधिकांश राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया के तहत पूरे दिन के लिए बाजार खोल दिए गए हैं तो राजस्थान के व्यापारियों के साथ ऐसा बर्ताव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कांग्रेसी नेताओं की आपसी राजनीतिक खींचतान के कारण व्यापारियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। ज्ञापन ईमेल करने वालों में भगवान चंदीराम, किशन गुप्ता, अशोक बिंदल, नरेंद्र सिंह छाबड़ा, प्रवीण जैन, कमल गंगवाल, सीए विकास अग्रवाल, विवेक जैन, गिरीश लालवानी, सुरेश चारभुजा, अशोक छाजेड़, राजकुमार गर्ग, जय गोयल,सम्पत कोठरी, दिलीप टोपीवाला, शैलेन्द्र अग्रवाल, राकेश डीडवानिया, बालेश गोहिल, पुष्पेंद्र पहाड़िया, राजीव जैन निराला, शैलेश गुप्ता आदि संयुक्त रूप से शामिल हैं।
सीए विकास अग्रवाल व कमल गंगवाल
प्रवक्ता, अजमेर शहर व्यापार महासंघ
मो. 9829535678