अजमेर 01 जुलाई। राज्य सरकार ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को सीनियर सैकण्डरी की शेष रहीं प्रायोगिक परीक्षायें आयोजित करने की अनुमति दे दी है। सभी विद्यालयों को बोर्ड ने निर्देशित किया है कि कोरोना प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित करते हुए 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की शेष रही प्रायोगिक परीक्षायें प्रत्येक पारी में 10-10 विद्यार्थियों के बैच बनाकर विद्यालय स्तर पर पूर्व में दिये दिशा-निर्देश अनुसार सम्पन्न करा ली जाये।
बोर्ड के सचिव-अरविन्द कुमार सेंगवा ने बताया कि बोर्ड की वर्ष 2021 की शेष रही सीनियर सैकण्डरी की प्रायोगिक परीक्षायें विद्यालयों को आगामी 8 जुलाई (गुरूवार) तक सम्पन्न करानी होगी। बोर्ड ने राज्य के सभी संस्था प्रधानों को निर्देशित किया है कि जिन विद्यालयों में अब तक प्रायोगिक परीक्षा आयोजित नहीं हुई है वहां विषयाध्यापक से प्रायोगिक परीक्षा सम्पन्न होने के उपरान्त 24 घण्टे में प्राप्तांक आवश्यक रूप से बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाईन अपलोड करें। जिन विद्यालयों द्वारा उनके विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षायें सम्पन्न करवा ली गई है किन्तु बोर्ड को पूर्व में किसी कारण बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाईन अंक अपलोड नहीं किये जा सके, ऐसे विद्यालय विद्यार्थियों के प्राप्तांक शीघ्र अपलोड करे।
श्री सेंगवा ने बताया कि जो परीक्षार्थी पूर्व में विद्यालय द्वारा आयोजित प्रायोगिक परीक्षा में किसी कारण से सम्मिलित नहीं हो सके ऐसे विद्यार्थियों की भी प्रायोगिक परीक्षा उसी विद्यालय में 08 जुलाई तक सम्पन्न कराकर प्राप्तांक बोर्ड को ऑनलाईन अपलोड करने होंगे। उक्त निर्धारित अवधि के पश्चात् यदि कोई छात्र अनुपस्थित रहता है तो उस छात्र को अनुपस्थित मानकर परिणाम घोषित कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन से पूर्व राज्य के 40 प्रतिशत से अधिक विद्यालयों के प्रायोगिक परीक्षाओं के प्राप्तांक बोर्ड को प्राप्त हो चुके है।
उप निदेषक (जनसम्पर्क)