अजमेर। दिल्ली में हुए गैंगरेप के खिलाफ लोगों का आक्रोश पूरे चरम पर है। धार्मिक नगरी पुष्कर में भी सोमवार को स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर इस घृणित कांड की आलोचना की। वी वान्ट जस्टिस के नारे लगाते हुए छात्राओं ने अपने रोष का इजहार किया। रैली पुष्कर के मुख्य बाजारों से होती हुई स्थानीय तहसील कार्यालय पर खत्म हुई। यहां पर छात्राओं ने तहसीलदार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप कर दुराचारियों को कड़ी सजा और महिलाओं की सुरक्षा के लिये विशेष कानून बनाने की मांग की। इस मुहिम को पुष्कर के भाजपाइयों सहित अनेक धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने अपना समर्थन दिया। रैली में पुष्कर बार एसोसिएशन और प्रेस क्लब के सदस्य भी शामिल हुए।