इन्टैक चलाएगा व्यापक विरासत जागरूकता अभियान

जिले के चार नगरों में बनेंगे सबचैप्टर और बीस स्कूलों में खोले जाएंगे इन्टैक हैरीटेज क्लब

अजमेर/ भारतीय सांस्कृतिक निधि ‘इन्टैक‘ अजमेर चैप्टर द्वारा नयी पीढ़ी में विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक ‘विरासत जागरूकता अभियान‘ चलाएगा। कन्वीनर राजेश गर्ग ने बताया कि इसके तहत इन्टैक की गतिविधियों को सम्पूर्ण जिले में विस्तारित करने के लिए ब्यावर, पुष्कर, नसीराबाद और केकड़ी में इन्टैक अजमेर के सबचैप्टर खोले जाएंगे तथा शहर के किसी ऐतिहासिक महत्व के चैराहे को भी गोद लिया जाएगा। सम्पूर्ण देश में ऐसी योजना बनाने वाला केवल मात्र अजमेर चैप्टर ही है। को-कन्वीनर उमेश कुमार चौरसिया ने बताया कि गुरूवार को डाॅ अनन्त भटनागर, अनिल कुमार माथुर, मुकेश भार्गव, दीपक शर्मा, सूर्यप्रकाश कटारिया, जेपी भाटी, महेन्द्रसिंह चैहान व वर्षा शर्मा चढ्ढा की उपस्थिति में इन्टैक अजमेर चैप्टर कोर ग्रुप की बैठक हुई।
इसमें हुए निर्णय के अनुसार अजमेर जिले की लगभग 20 निजी व सरकारी स्कूलों में इन्टैक हैरीटेज क्लब खोले जा रहे हैं जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की गौरवशाली विरासत की जानकारी देने के साथ विरासत व पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही मुख्यालय द्वारा एक राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित होगी। अजमेर जिले में स्थित मूर्त व अमूर्त विरासतों की तथ्यात्मक जानकारी को संग्रहित कर पत्रक व लाइव टाॅक सीरीज के माध्यम से आमजन को अवगत कराये जाने का भी निर्णय लिया गया। अन्त में राजेश गर्ग ने आभार व्यक्त करते हुए हैरिटेज में रूचि रखने वाले विद्यार्थियों व प्रबुद्धजनों से इन्टैक से जुड़ने का आह्वान किया।

error: Content is protected !!