देवनानी ने 500 भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और संत-महात्माओं के साथ देखी फिल्म

पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने अजमेर उत्तर के करीब पांच सौं भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं व संत-महात्माओं के साथ शनिवार को ’’द कश्मीर फाइल्स’’ फिल्म देखी। फिल्म देखने के दौरान कार्यकर्ताओं ने ’’वंदे मातरम्’’, ’’जय हिंद’’, ’’जहां बलिदान हुए मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है, वो सारा का सारा हमारा है’’, जैसे गगनभेदी नारे लगाए। देवनानी ने फिल्म डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री का इस बात के लिए आभार जताया कि इस फिल्म में सच को उजागर किया गया है। जो लोग नहीं जानते थे, अब वे लोग भी सत्य जानेंगे। 90 के दशक में कश्मीर से जिस दर्दनाक माहौल में हिन्दुओं का पलायन हुआ, उस पर बनी ’’द कश्मीर फाइल्स’’ को देश में भारी समर्थन मिल रहा है, उस समय कश्मीरी पंडितों का पलायन हुआ, उसका दर्द सभी देशवासियों को हुआ, चाहे वो किसी भी धर्म का हो। उन्होंने कहा, सब जानते हैं कि किन आंतकी संगठनों के दबाव में हिन्दुओं को कश्मीर से पलायन करना पड़ा। उस सच्चाई पर अब एक फिल्म बनी है तो कांग्रेस सरकार को उस पर भी ऐतराज है। असल में कांग्रेस सरकार नहीं चाहती हैं कि देश के युवाओं के सामने सच आए, इसलिए फिल्म से माहौल बिगाड़ने का आरोप लगा रही है। देशभर के युवा पिछले एक सप्ताह से सिनेमा घरों में जाकर फिल्म देख रहे हैं, कहीं भी माहौल खराब नहीं हुआ है। असल में दर्दनाक पलायन को लेकर कांग्रेस के समक्ष जो सवाल उठ खड़े हुए हैं, उनका जवाब कांग्रेस नेताओं के पास भी नहीं है। हिन्दू विरोधी नीतियों का ही नतीजा है कि देश में सिर्फ दो राज्यों में कांग्रेस की सरकार रह गई है। हाल ही के पांच राज्यों के चुनाव में तो कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ हो गया है। कांग्रेस सरकार चाहे कितना भी जोर लगा ले, राजस्थान की जनता ने अगले वर्ष कांग्रेस सरकार को हराने का मन बना लिया है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ हवा चल रही है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तरह राजस्थान सरकार को भी इस फिल्म को टैक्स फ्री करना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी कश्मीर का सच जान सके।

error: Content is protected !!