अजमेर, 14 मई। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्य लगातार चल रहे हैं। वार्डों की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब भी हो रहा है।
देवनानी शनिवार को वार्ड 79 में अरावली विहार, किसान काॅलोनी, द्वारका नगर और फे्रंड्स काॅलोनी में सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ करने के बाद नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इन कार्यों पर करीब सात लाख रूपए की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि वार्डों की स्थिति पहले से कहीं ज्यादा अच्छी हुई है। सड़कें व नालियां बनी हैं और बन रही हैं। लोगों को टूटी-फूटी सड़कों व नालियों और सड़कों पर बहते गंदे पानी की समस्या से निजात मिल रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य एक सतत् प्रक्रिया है और यह कभी भी पूरे नहीं हो सकते। इसलिए जनता की विकास कार्यों की मांग भी निरंतर बनी रहती है और बनी हुई है। देवनानी ने कहा, इन सबके बावजूद वे इस बात के प्रयास करते हैं कि किसी भी वार्ड के लोगों को किसी भी समस्या, टूटी-फूटी सड़क और नालियों से जूझना नहीं पड़े। इसलिए वे सारा फोकस विकास कार्यों और जनता की तकलीफों को दूर करने पर रखते हैं।
इस मौके पर पार्षद वीरेंद्र कुमार वालिया, शक्ति केंद्र प्रभारी अभिषेक गुसाईं, बूथ अध्यक्ष प्रवेश राठी, उम्मेद सिंह राठौर, रविन्द्र ताक, सुनील खटवानी, पूनाराम महाराज, अमरजीत सिंह, भगवान सिंह, ललित जैन, सुभाष यादव आदि भी मौजूद रहे।
