-पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने खुद बूथ अध्यक्षों के घर जाकर लगाई पट्टिका
-भाजपा पदाधिकारी व पार्षद भी पट्टिका लगाने के लिए घर-घर पहुंचे
अजमेर, 31 मई। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्षों के घरों पर उनके नाम की ‘‘कमल पट्टिका‘‘ लगाने का अभियान मंगलवार से शुरू हो गया है। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने आज सुबह बूथ अध्यक्षों के घर जाकर अपने हाथों से पट्टिका लगाने की शुरूआत की।
देवनानी ने कहा कि यह महज कमल पट्टिकाएं नहीं हैं, बल्कि यह बूथ अध्यक्षों का सम्मान है। इससे उन्हें समाज और पार्टी में बड़ी पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। इसलिए बूथ अध्यक्षों को सम्मान देना हमारा और पार्टी का दायित्व है, जिसे पार्टी पूरी शिद्दत से निभा रही है। उन्होंने कहा, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे पार्टी की समर्पित भाव से सेवा करें। नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में जुड़वाएं।
देवनानी ने कहा कि अनेक वार्डों में वे खुद भी पट्टिका लगाएंगे। कई वार्डों में पट्टिका लगाने की जिम्मेदारी पार्टी पदाधिकारियों और पार्षदों को सौंपी गई है। यह सब लोग पट्टिका लगाने के साथ बूथ अध्यक्षों से बूथ इकाई को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। उनकी समस्याओं को जानेंगे। ताकि बूथ अध्यक्षों की हौंसला अफजाई हो।
देवनानी ने वार्ड 02 में बूथ अध्यक्ष खगेश नारायण गौड़ व पूनम सिंह सिसोदिया और वार्ड 08 में बूथ अध्यक्ष कौशल कुमार, सुरेश जाटव के घर जाकर कमल पट्टिका लगाई।
इस मौके पर दाहरसेन मंडल अध्यक्ष व पार्षद दीपेंद्र लालवानी, मंडल महामंत्री सत्येंद्र कुमार शर्मा, स्थानीय पार्षद मनोज मामनानी और सुभाष जाटव भी मौजूद रहे।