देवनानी और कलक्टर अंशदीप ने किया फाॅयसागर रोड का दौरा और निरीक्षण

अजमेर, 9 जुलाई। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी और जिला कलक्टर अंशदीप ने शनिवार को फाॅयसागर रोड का दौरा और निरीक्षण कर सीवरेज का काम अभी तक पूरा नहीं होने व अब तक दोनों तरफ नालियां नहीं बनाने पर सावर्जनिक निर्माण विभाग व नगर निगम के अधिकारियों की खिंचाई की। साथ ही हिदायत दी कि सीवरेज का काम अगले सप्ताह मंगलवार तक पूरा किया जाए तथा नालियां शीघ्र बनाने के निर्देश दिये।
फाॅयसागर रोड पर पिछले कई दिनों से सीवरेज लाइन डालने और सड़क बनाने का काम चल रहा है। यह काम पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था, जो अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। अब चूंकि बरसात का दौर शुरू हो चुका है, इसलिए जगह-जगह टूटी-फूटी सड़कों और उन गहरे गड्ढों के कारण नागरिकों को काफी परेशानी हो रही है। गड्ढों में पानी भर जाने से नागरिकों और वाहन चालकों को दिख नहीं पाते हैं, जिससे आए दिन अनेक लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसे देखते हुए देवनानी ने आज सुबह कलक्टर अंशदीप से फोन पर चर्चा कर निरीक्षण करने को कहा। इस पर देवनानी व अंशदीप ने पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों के साथ इस रोड का व्यापक निरीक्षण किया।
तय शिड्यूल से लेट चल रहा है काम
निरीक्षण में यह बात सामने आई कि अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। शिड्यूल से करीब चार-पांच माह लेट काम चल रहा है। यानी यह काम चार-पांच माह पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था। यही कारण है कि इस रोड पर आए दिन दुर्घटनाएं होने की खबरें सामने आ रही हैं। देवनानी ने कलेक्टर से कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से इस रोड पर सीवरेज का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। अजमेर विकास प्राधिकरण का टेंडर पांचवीं बार निरस्त होना सरासर अधिकारियों की लापरवाही का दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दोनों तरफ नालियां बनाए बिना सड़क बनाने का कोई औचित्य नहीं रहेगा, क्योंकि काॅलोनियों के गंदे पानी और बरसात के पानी को निकास की जगह नहीं मिलने से वह सड़कों पर भरा रहेगा और फिर यह सड़कें बहुत जल्दी क्षतिग्रस्त हो जाएंगी।
नालियां नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर
देवनानी ने बताया कि नालियां नहीं बनाए जाने से स्वास्तिक नगर, नवकार नगर, रावत नगर, जगदम्बा काॅलोनी भारत नगर आदि काॅलोनियों में गंदे पानी निकास की कोई व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर भरा रहता है। उन्होंने बताया कि स्वास्तिक नगर और नवकार नगर में पिछले छह माह से सीवरेज के लिए सड़क खुदी हुई है, लेकिन अभी तक सीवरेज लाइन नहीं डाली गई है। उन्हें यह बात समझ में नहीं आती है कि सड़क खोदने के बाद जल्द से जल्द सीवरेज लाइन क्यों नहीं डाली जाती है। यदि सीवरेज लाइन समय से डाल दी जाए, तो सड़क बन जाए, ताकि बार-बार सड़क क्षतिग्रस्त होने और बनाने की नौबत नहीं आए।
यदि अब कोताही बरती तो होगी कड़ी कार्यवाही
इस पर कलक्टर अंशदीप ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस रोड पर सीवरेज लाइन डालने का सारा काम अगले सप्ताह मंगलवार तक पूरा किया जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कहा कि पहले दोनों तरफ नालियां शीघ्र बनाये, इस दौरे में नगर निगम के आयुक्त सुशील कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता देवेंद्र सिंघल, नगर निगम के अधिशासी अभियंता ओम साहू सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!