अजमेर। डॉ. कन्हैयालाल जी लाल चैरीटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित सांई बाबा मंदिर का 15वां वार्षिकोत्सव सोमवार से विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ शुरू हो गया। सोमवार को नेहरू नगर सांई बाबा मंदिर से विशाल शोभायात्रा गाजे बाजों के साथ शुरू हुई। शोभायात्रा में सोने से बनी सांई पालकी में विराजित सांई बाबा आकर्षण का केन्द्र बने रहे। दोपहर साढ़े 12 बजे मंदिर से प्रांरभ हुई शोभायात्रा में आगे आगे घोड़े उसके बाद धुनी के साथ विराजे सांई के समक्ष श्रद्धालु शीश झुकाकर आशीर्वाद ले रहे थे। सेवादार प्रसाद का वितरण करते चल रहे थे। शोभायात्रा सांई बाबा मंदिर से नेहरू नगर सोसायटी, गुर्जरवास, भगवानगंज, आशागंज, त्रिलोक नगर, केसरगंज, स्टेशन रोड, मदारगेट, कंवडसपुरा, डिग्गी चौक, उसरी गेट, नवाब का बेडा, सिंधुवाड़ी, भगवानगंज, अजय नगर होते हुए दुबारा सांई बाबा मंदिर पर संपन्न हुई। शोभायात्रा का अनेक सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा और अल्पाहार के साथ स्वागत किया गया। वार्षिकोत्सव के क्रम में 1 जनवरी को सुबह 10 बजे से 11 कुंडीय हवन व गायत्री यज्ञ होगा। 2 जनवरी को सुबह 6 बजे कांकण आरती, मंगल स्नान, अभिषेक, साढ़े 10 बजे धूनी पूजन, साढ़े 12 बजे मध्याह्न आरती, 1 बजे से भंडारा महाप्रसाद, साढ़े 6 बजे धूप आरती व रात पौने 10 बजे सेज आरती के साथ वार्षिकोत्सव का समापन होगा।