राजकीय महाविद्यालय में महिला नीति पर कार्यक्रम सम्पन्न

केकड़ी 13 दिसम्बर(पवन राठी)
राजकीय महाविद्यालय केकडी़ में आज महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में राजस्थान राज्य महिला नीति 2021 के कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत बूंद बूंद सिंचाई, खेती और जैविक खाद पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ कीर्ति ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि कृषि कार्य के लिए भूमि के साथ-साथ जल की भी आवश्यकता होती है। जल जो की दो साधनों से प्राप्त होता है प्राकृतिक और कृत्रिम। जल सिंचन का प्राकृतिक साधन वर्षा है और कृत्रिम साधन सिंचाई है। भारत जैसे मानसूनी वर्षा वाले देश में कृषि वर्षा पर निर्भर नहीं रह सकती, इसलिए कृत्रिम साधनों के माध्यम से कृषि कार्य किया जाता है। डॉ कीर्ति ने बताया कि वाटर हार्वेस्टिंग करके वर्षा जल को एकत्रित किया जा सकता है और सिंचाई के लिए प्रयुक्त किया जा सकता है। उन्होंने रूफ फार्मिंग से घरों में फल फूलों की खेती के बारे में भी बताया। बूंद बूंद सिंचाई के माध्यम से कम पानी में अच्छी फसल प्राप्त करने के तरीके भी बताए। डॉ अनीता रायसिंघानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बोनसाई खेती के बारे में बताया जिसमें फलों की खेती घर में की जा सकती है और बाजार में अच्छी कीमतों में बिक्री भी की जा सकती है। ऑर्गेनिक खेती के लिए ऑर्गेनिक खाद भी बनाई जा सकती है और इसे ऊंचे मुनाफे पर बाजार में बेचा जा सकता है। डाॅ रायसिंघानी ने महिला उधमियों के द्वारा चातुर्य पूर्ण तरीके से कार्य का प्रबंध करने की विधि बताई और कृषि के सामान को किस प्रकार से बेचा जाए इसके बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्राएं कृषि कार्यो को अपने व्यवसाय के रूप में शामिल करके अपनी विशिष्ट पहचान बना सकती हैं। महाविद्यालय प्राचार्य श्री पीयूष कुमार गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश की छात्राएं कृषि क्षेत्र में निश्चित रूप से अपना भविष्य उज्जवल बना सकती हैं। बहुत सारी ऐसी तकनीकें आ गई हैं जिसमें एक ही पौधे से ढेरों चीजें प्राप्त की जा सकती हैं। अब नौकरी की तरफ भागने की बजाय छात्राओं को भी कृषि व्यवसाय कार्य में परिवार का साथ देना चाहिए और अपने जीवन को इस प्रकार का बनाना चाहिए कि दूसरे पर उनकी निर्भरता कम हो और वह आत्मनिर्भर बन सके। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ नीता चौहान ने किया।

error: Content is protected !!