तृतीय चरण के साक्षात्कार 20 फरवरी से होंगे प्रारंभ
अजमेर, 10 फरवरी। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर, गृह (ग्रुप-1) विभाग, 2021 के कुल 859 पदो हेतु साक्षात्कारों का चरणबद्ध तरीके से आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत तृतीय चरण के साक्षात्कार का आयोजन 20 फरवरी से 3 मार्च 2023 तक किया जाएगा।
आयोग सचिव श्री एचएल अटल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार तृतीय चरण में 500 अभ्यर्थियों के साक्षात्कारों का आयोजन किया जाएगा। साक्षात्कार-पत्रों को आयोग की वेबसाइट पर यथा समय अपलोड कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 23 जनवरी 2023 से 2 फरवरी 2023 तक 252 अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार का आयोजन आयोग द्वारा किया जा चुका है। वर्तमान में 324 अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार के द्वितीय चरण का आयोजन 6 फरवरी से 16 फरवरी 2023 तक किया जा रहा है।
श्री अटल ने कहा कि अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय अपने सभी मूल-प्रमाण पत्र मय फोटो प्रति साथ लाने होंगे। इनके अभाव में साक्षात्कार से वंचित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों द्वारा विस्तृत आवेदन-पत्र आयोग को प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, उन्हें साक्षात्कार के समय विस्तृत आवेदन-पत्र दो प्रतियों में मय समस्त प्रमाण-पत्रों की फोटो प्रतियों के आवश्यक रूप से प्रस्तुत करने होंगे। विस्तृत आवेदन-पत्र को आयोग की वेबसाइट https://rpsc.rajasthan.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। साक्षात्कार में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन की पूर्णतः पालना करनी होगी।