रायन एडुनेशन स्कूल में दिवाली की धूम, रामायण की प्रस्तुति ने मोहा मन

रंगोली प्रतियोगिता, आकर्षक कक्षा सजावट और पारंपरिक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

जयपुर, नवंबर, 2026: रायन एडुनेशन स्कूल में दीपावली का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने भारतीय परंपराओं और त्योहार के महत्व को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया।

कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इसमें विद्यार्थियों ने रामायण की कथा पर आधारित प्रस्तुति दी और भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया। इसके साथ ही रामायण के विभिन्न पात्रों के रूप में विद्यार्थियों ने विशेष रैंप वॉक किया। नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। इस अवसर पर स्कूल ट्रस्टी सुनीता चौहान और मेखला चौहान उपस्थित रहीं और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कक्षा 6 से आगे के विद्यार्थियों के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि विभिन्न कक्षाओं को दीपावली की थीम पर सजाया गया। सर्वश्रेष्ठ सजी हुई कक्षा का चयन जयपुर की कलाकार नेहा हाड़ा और शिल्पा पराते ने किया। छोटे विद्यार्थियों ने पारंपरिक बंदनवार बनाने, दीपक सजाने और दीपावली के शुभकामना कार्ड तैयार करने जैसी गतिविधियों में भाग लिया।

उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने सहपाठियों के साथ दिवाली पॉटलक पार्टी में भोजन साझा किया। सभी विद्यार्थियों को चॉकलेट भी वितरित की गई। स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. बहरुल इस्लाम ने कहा, “त्योहार विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को समझने के साथ रचनात्मकता, आपसी सहयोग और मिल-बांटकर खुशियां मनाने के मूल्य सिखाते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को इन मूल्यों से जोड़ने का अवसर देते हैं।” कार्यक्रम का समापन दीपावली अवकाश की घोषणा के साथ हुआ।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!