केकडी 23 अप्रैल (पवन राठी)
राजस्थान ब्राह्मण महासभा की स्थानीय खंड इकाई के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय भगवान परशुराम जयंती महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को शहर में विशाल शोभायात्रा जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के महिला पुरुष शामिल हुए। शोभायात्रा जुलूस को पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ रघु शर्मा ने भगवा ध्वज दिखाकर रवाना किया। शोभा यात्रा रविवार को अपराह्न करीब 4:00 बजे नगर पालिका परिसर से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे हाथों में फरसा लेकर रंग बिरंगे परिधानो में सजी धजी ब्राह्मण समाज की महिलाएं चल रही थी जिनके पीछे अलग-अलग इक्कीस सफेद घोड़ियों पर ब्राह्मण समाज के बच्चे व युवक हाथों में केसरिया ध्वज थाम कर बैठे थे। इनके पीछे बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के पुरुष गले में केसरिया दुपट्टा धारण कर हाथों में केसरिया ध्वज व फरसा लेकर भगवान परशुराम की जय जयकार करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में चार अश्व बग्गिया भी शामिल थी। इनमें से सबसे आगे वाली बग्गी पर विधायक डॉ रघु शर्मा अपने पुत्र सागर शर्मा के साथ बैठे थे जो पूरे शोभायात्रा मार्ग पर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए चल रहे थे। इनके पीछे की बग्गी में श्रीमिश्रीलाल दुबे मेमोरियल संस्थान के निदेशक चंद्र प्रकाश दुबे स्पत्नीक तथा एक अन्य बग्गी में समाजसेवी कृष्णानंद तिवारी स्पत्नीक सवार थे। शोभायात्रा में फूलों से सुसज्जित भगवान परशुराम की झांकी भी शामिल थी। शोभा यात्रा मार्ग पर ब्राह्मण समाज के अलग-अलग वर्गों द्वारा जगह जगह स्वागत द्वार बनाकर शोभायात्रा में शामिल महिला पुरुषों पर पुष्प वर्षा की गई। शोभा यात्रा नगर पालिका परिसर से प्रारंभ होकर तीन बत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, लोढा चौक, माणक चौक, सूरजपोल गेट, भैरू गेट, सरसडी गेट से बस स्टैंड होते हुए अजमेर रोड पर बिजासन माता मंदिर के पास स्थित वृंदा होटल पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में राजस्थान ब्राह्मण महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी बृजेश कुमार, खंड इकाई अध्यक्ष नाथू लाल शर्मा, सचिव चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, संरक्षक अशोक शर्मा, जिला सचिव चंद्रशेखर शर्मा, संभाग अध्यक्ष अविनाश दुबे सहित गुर्जर गौड़ समाज के अध्यक्ष जयराज शर्मा, सुधीर भारद्वाज, सिखवाल समाज अध्यक्ष बजरंगलाल शर्मा, गौड़ ब्राह्मण समाज अध्यक्ष महेंद्र प्रधान, खंडेलवाल समाज अध्यक्ष रामप्रसाद, महेंद्र शर्मा, औदीच्य समाज अध्यक्ष हितेश व्यास, पाराशर समाज अध्यक्ष गोविंद पाठक, दाधीच समाज अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा, समाज अध्यक्ष चंद्र प्रकाश दुबे, राजपुरोहित समाज अध्यक्ष महावीर सिंह राजपुरोहित, पारीक समाज अध्यक्ष महेंद्र पारीक, पालीवाल समाज अध्यक्ष अशोक पालीवाल सहित परशुराम कर्मचारी संगठन के भी कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के महिला पुरुष व बच्चे शामिल थे। शोभा यात्रा के समापन पर शोभायात्रा में शामिल सभी महिला पुरुषों के स्नेह भोज का आयोजन रखा गया।