क्षेत्र के विद्यालयों में भी हुआ पुस्तक का वितरण*
केकड़ी 25 अप्रैल (पवन राठी)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोलकिया व उसके अधीनस्थ ग्राम पंचायत के सभी विद्यालयों मण्डा, आमली, केकड़ी ग्रामीण एवं तितरिया सहित शहर के चारभुजा मन्दिर विद्यालय में मंगलवार को पंचायत प्रारभिक शिक्षा अधिकारी गायत्री शर्मा के मुख्य आतिथ्य में पुणे निवासी 16 वर्षीय लेखक शौर्य काबरा की पुस्तक ‘एक प्रयास’ का निःशुल्क वितरण किया गया।
काबरा एक्सप्रेशन टेक्निक लिमिटेड पुणे के चेयरमैन आनन्द काबरा के पुत्र शौर्य काबरा द्वारा लिखी गई इस पुस्तक में विभिन्न वित्तीय अवधारणाओं जैसे बजट, निवेश, बचत, ऋण, सावधि जमा आदि को बेहद सरल भाषा और चित्रों के माध्यम से समझाया गया है। कम्पनी के प्रबंधक लवराज वैष्णव ने बताया कि इस पुस्तक के माध्यम से विद्यार्थियों को छोटी-छोटी बचत करना सिखाया गया है।
इस अवसर पर पीईईओ गायत्री शर्मा ने कहा कि 16 वर्षीय लेखक की इस पुस्तक को पढ़कर महसूस होता है कि वह अपनी उम्र से काफी आगे है। इसे लिखने का उनका उद्देश्य एक ऐसे ग्रामीण भारत के निर्माण का प्रयास है जो आर्थिक रूप से भली-भांति साक्षर हो।
शिक्षक दिनेश कुमार वैष्णव ने बताया कि ग्रामीण लोग कड़ी मेहनत से पैसा कमाते है और वे धोखाधड़ी वाली योजनाओं, लॉटरी या इनामों का लालच देने वाले लोगों और कम्पनियों का आसानी से निशाना बन जाते है। इसलिए यह पुस्तक प्रत्येक ग्रामीण भारतीय को धन के संबंध में समझदार बनने में मदद करने और यह सिखाने का एक प्रयास है कि वे अपने अमूल्य धन की बचत कैसे कर सकते है, आर्थिक झटकों से कैसे उबर सकते है एवं वे बिना किसी परेशानी के अपने आपातकालीन खर्चों का प्रबंधन कैसे कर सकते है।
वैष्णव ने बताया कि यह पुस्तक प्रथम चरण में केकड़ी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के करीब 2000 से अधिक विद्यार्थियों को वितरित की जाएगी। इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों को उनके वित्तीय भविष्य की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानाध्यापक परमानन्द पारीक एवं भागीरथ बगालिया ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान शिक्षक जितेन्द्र सिंह राठौड़, भैरूलाल रेगर, पीयूष गर्ग, शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार उपाध्याय, अनिल कुमार वर्मा, आशाराम मीणा, सुनील यादव, अध्यापिका चन्द्रकला जाट, मंजू जीनगर, प्रेमलता चौहान, रेणु जैन, शबाना बानो, रीना कुमारी, सुनिता चौधरी, कोमल साहू, गुंजन जैन सहित कई शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।