अजमेर, 28 मई। शहर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से रविवार की शाम 5 बजे महावीर सर्किल से क्लॉक टॉवर स्थित शहीद स्मारक तक जन आमंत्रण रैली निकाली गई। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी, संगठन प्रभारी वीरम देव सिंह,शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी और युवा मोर्चा के अध्यक्ष राहुल जायसवाल की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने वीर सावरकर जयंती पर सावरकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित मोदी के कार्यकाल के नौ साल पूरे होने पर नौ रंगीन चिड़िया पिंजरे से आजाद कीं और रंगीन गुब्बारे छोड़े। इसके बाद गगनभेदी नारे लगाते हुए रैली प्रारंभ की।
महावीर सर्किल पर वीर सावरकर के कटआउट लगाए गए। रैली महावीर सर्किल से प्रारंभ होकर आगरा गेट, नया बाजार चौपड़, चूड़ी बाजार, जीपीओ, मदारगेट होती हुई शहीद स्मारक पहुंची। रैली में सबसे आगे मोदी का कटआउट लगा वाहन चल रहा था। रैली में कार्यकर्ता ’’जो राम को लाए हैं, उन्हें हम लाएंगे’’, मोदी जी का पृथ्वीराज चौहान की नगरी में स्वागत है, भाई स्वागत है’’, मोदीजी का अजमेर की धरती पर स्वागत है, भाई स्वागत है’’ जैसे गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। कार्यकर्ता नए भारत के निर्माण और संसद के नए भवन की तख्तियां लेकर चल रहे थे। इस दौरान रैली मार्ग पर मिले नागरिकों को पीले चावल और पत्रक बांटते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 31 मई को कायड़ विश्राम स्थली में होने वाली आमसभा में शामिल होने का न्योता दिया।
रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में भाजपा के झंडे थामे देशभक्ति गीत गाते और नाचते हुए चल रहे थे। रैली का अनेक स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया। रैली में युवा मोर्च महामंत्री सुनील शर्मा,सुरेन्द्र सिंह,दिनेश खण्डेलवाल,खुशाल गोयल,गजेन्द्र शर्मा, मुकुल साहु महेन्द्र झा,, हेमन्त नायक, अजीत चौधरी, आयुष शर्मा, सागर, आदि भी शामिल रहे।
