प्रभावी निगरानी और समुचित व्यवस्था का फिलहाल है अभाव – देवनानी

– देवनानी ने की कलेक्टर और निगम आयुक्त से चर्चा
– सीकर सीवरेज हादसे से सबक ने जिला प्रशासन – देवनानी
– झीलों से पानी निकासी की प्रणाली हो सार्वजनिक – देवनानी

वासुदेव देवनानी
अजमेर 10 जुलाई। पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री और अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने एक बार फिर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन पर प्रभावी निगरानी और समुचित व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा की रविवार की बारिश के बाद सोमवार को शहर के हालात चिंताजनक हुए जिसके लिए जिम्मेदारी तय होना जरूरी है। देवनानी ने जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से बात कर तत्काल प्रभाव से जनता को हो रही असुविधा को दूर करने के लिए कहा है। देवनानी ने सालो बाद फॉयसागर झील में पानी की अच्छी आवक को सुखद बताया लेकिन इसके बेहतर प्रबंधन में प्रशासन के नाकाम रहने पर अफसोस जताया।
देवनानी ने जिला कलेक्टर डॉ भारती दीक्षित से बात कर आनासागर झील के गेट खोले जाने के बाद पहले से फॉयसागर झील की चल रही चादर के चलते आसपास की कॉलोनियों सहित ब्रह्मपुरी और लोहागल क्षेत्र में पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ ही पानी मकानों में ना घुसे और जलीय जीवों से स्थानीय निवासियों को खतरा ना हो इसके लिए समुचित व्यवस्था करने की बात कही। साथ ही देवनानी ने कहा की पानी की आवक और उसके छोड़े जाने पर प्रभावी निगरानी रखे ताकि जनता को अनावश्यक परेशानी ना हो।
फॉयसागर झील के लबालब होने और चादर चलने के साथ ही आनासागर झील के तीन चैनल गेट खोले जाने पर देवनानी ने कलेक्टर से कहा की अब समय आ गया है जब पूर्व की बनी बनाई व्यवस्था में बदलाव करना होगा और दोनो झील की भराव क्षमता को देखते हुए इसके गेट खोले जाने की प्रक्रिया और व्यवस्था को जनहित में समय पूर्व सार्वजनिक करना होगा जिससे इसके प्रभाव क्षेत्र में आने वाली कॉलोनियां और बस्तियों के लोग भी सावधान होकर व्यवस्था कर सके। देवनानी ने आनासागर झील के गेट खोलने के साथ ही ब्रह्मपुरी नाले पर पड़ने वाले इसके असर को लेकर भी प्रशासन को चेताया और कहा की पूर्व जैसे हालात नहीं होने चाहिए और पानी के साथ आने वाले जलीय जीवों से स्थानीय लोगो को बचाने के प्रयास किए जाए।
देवनानी ने निगम आयुक्त सुशील कुमार से बात कर कई जगह खुले और आधे टूटे पड़े सीवरेज के मैन होल्स को खतरनाक बताते हुए पूर्व में और हाल में सीकर में हुए हादसे से सबक लेते हुए तत्काल प्रभाव से दुरस्त करने के लिए कहा। साथ ही इन सीवरेज होल्स की वस्तुस्थिति पर समय समय निगरानी रखने के लिए व्यापक व्यवस्था करने के लिए कहा। साथ ही देवनानी ने हाल ही में बनी नई सड़को की एक ही बारिश में उखड़ जाने पर भी नाराजगी जाहिर की और तत्काल प्रभाव से वहां पेचवर्क करने की बात कही।
देवनानी ने नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार से बात कर नालों की सफाई के दौरान कचरे के व्यवस्थित निस्तारण के भी निर्देश दिए और कहा की वैश्विक स्तर पर बदलते प्राकृतिक स्वरूप में प्रकृति कभी भी अपना रूप बदल सकती है, ऐसे में तय निर्धारित मापदंडों से अलग हटकर सोचने की जरूरत है जिससे लोगो को आफत से ज्यादा राहत मिल सके।

error: Content is protected !!