उपाध्याय की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

अजमेर 25 सितंबर। भारतीय जन संघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से बजरंगगढ़ चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक वासुदेव देवनानी ने पंडित उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन और श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक देवनानी ने कहा कि पंडित उपाध्याय ने भारत की सनातन विचारधारा को युग अनुकूल रूप में प्रस्तुत करते हुए देश को एकात्मक मानववाद की विचारधारा दी। पंडित उपाध्याय एक समावेशित विचारधारा के समर्थक थे जो एक मजबूत और सशक्त भारत चाहते थे। देवनानी ने कहा कि पंडित उपाध्याय की जयंती के मौके पर देश का हर कार्यकर्ता उनके बताए सिद्धांत पर चलने का संकल्प लेते हुए देश को एक सूत्र में पिरों कर रखने का संकल्प लेता है और भारत की प्रगति के लिए अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए अंत्योदय योजना के मूल भाव को साकार करने का संकल्प लेता है। देवनानी ने कहा कि पंडित उपाध्याय पत्रकार होने के साथ ही चिंतक और लेखक भी थे। वह भारतीय राजनीति को जिस धारा में ले जाना चाहते थे वह वसुदेव कुटुंबकम की प्राचीन भारतीय सभ्यता से प्रेरित थी इसका संकेत उन्होंने अपनी कुछ कृतियों में भी दिया था। देवनानी ने कहा कि पंडित उपाध्याय की जीवनी युगों तक भारत की नई पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा के रूप में हमेशा जीवंत रहेगी जो यह सीखने की कोशिश करती है कि सबको साथ लेकर चलने से ही समग्र विकास की अवधारणा सही मायने में स्थापित होती है।
जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद के प्रणेता रहे और उन्हीं के पद्चिन्हों पर चलते हुऐ माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी समाज में अंतिम व्यक्ति की चिंता करते हुऐ कार्य कर रहे है और उनकी जनकल्याणकारी एकात्म मानववाद पर आधारित है जिसके कारण आज देश का नाम पूरे विश्व में गौराविन्त हुआ है। इस अवसर पर जिला प्रभारी बीरमदेव सिंह, राजेश शर्मा, विकास सोनगरा, रचित कच्छावा, मुकेश टांक, विनय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!