महिला-पुरूष समानता के लिए स्वयं को उदाहरण बनना होगा: डाॅ प्रियंका शर्मा

महिलाओं ने हूंकार भरके कहा हम किसी से कम नहीं
दिनांक 24 फरवरी 2024: राजस्थान महिला कल्याण मण्डल, चाचियावास अजमेर एवं विश्व युवक केन्द्र नई दिल्ली के द्वारा संयुक्त रूप से महिला अधिकार विषय पर जागरूकता सेमीनार का आयोजन किया गया। संस्था निदेशक राकेश कुमार कौशिक ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2024 के सन्दर्भ में आयोजित महिला अधिकार जागरूकता पखवाड़े के तहत संस्था मुख्यालय चाचियावास में आयोजित इस सेमिनार में महिला अधिकार से जुड़े मुद्दों, घरेलु हिंसा, मानसिक स्वास्थ्य, नशा, बाल विवाह की रोकथाम के साथ-साथ बालिका शिक्षा, लिंग समानता आदि को बढ़ावा देने पर मंथन किया गया।
कार्यशाला का उद्घाटन संस्था सचिव एवं मुख्यकार्यकारी क्षमा आर. कौशिक, डाॅ प्रियंका शर्मा निदेशक दूरबीन हाॅस्पिटल अजमेर, दुर्गा महीच सखी सेन्टर प्रबंधक, सज्जन प्रजापति परामर्शदाता महिला अधिकारिता विभाग अजमेर, पुलिस विभाग की प्रतिनिधि दुर्गेश गुर्जर ने संयुक्त रूप से किया। सत्र के दौरान डाॅ. प्रियंका शर्मा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज में लिंग भेद को दूर करने के लिए स्वयं से शुरूआत करनी होगी। परिवार के बड़े स्वयं उदाहरण बनेंगे तो बच्चों में ये सन्देश अपने आप जाएगा और वे भी बड़ो को देखकर महिला पुरूष समानता के लिए आगे आएंगे। डाॅ. शर्मा ने महिला स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियाॅ साझा की उन्होने बताया कि महिलाएं स्वास्थ्य समस्याओं को संकोच और शर्म की वजह से साझा नहीं कर पाती है जिससे समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। अतः डाॅ शर्मा ने समस्या होने पर महिलाओं को संकोच नहीं करने के लिए प्रेरित किया।
सखी सेन्टर प्रबंधक दुर्गा महिच ने महिलाओं से सम्बन्धित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए बहुत से कानून बने है लेकिन जागरूकता के अभाव से उनका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। महिला अधिकारिता विभाग की प्ररामर्शदाता सज्जन प्रजापति ने बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए बालिका शिक्षा से सम्बन्धित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
द्वितीय सत्र में भागीदार महिलाओं के लिए चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, बोरी दौड़ नृत्य व गीत आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें सभी ने बढ़चकर भाग लिया। महिलाओं ने राजस्थानी गीतों की धुनपर थिरकते हुए ये सन्देश दिया कि वे किसी भी मायने में पुरूषों से कम नहींे है। प्रतियोगिता में विजेता रही प्रतिभागियों को लेख्खधिकारी नेमीचन्द वैष्णव, संयुक्त निदेशक अनुराग सक्सेना, अतिरिक्त निदेशक तरूण शर्मा के द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
श्री कौशिक ने बताया कि महिला अधिकार जागरूकता पखवाड़े के अन्तर्गत संस्था द्वारा ब्यावर, अजमेर, नागौर, बीकानेर, चुरू, झुन्झुनु आदि जिलों में सेमीनार, कार्यशालाएं, खेल प्रतियोगिता, पेन्टिंग व पोस्टर प्रतियोगिता, जागरूकता रैलियों आदि का आयोजन कर महिला सशक्तिकरण का सन्देश दिया जाएगा। कार्यक्रम में सागर काॅलेज की छात्राओं व संस्था द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूह की सदस्यों सहित 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन उपनिदेशक नानूलाल प्रजापति ने किया। सागर काॅलेज के उपनिदेशक डाॅ. भगवान सहाय शर्मा आजीविका संवर्धन सहायक निदेशक सत्तार मोहम्मद, टीम के दीपक जोरम, ज्योति मण्डरावलिया, प्रियंका मेघवाल, ज्योति अरोड़ा, सरोज शर्मा, करूणा शर्मा, गिरीराज गूर्जर, शाहनवाज खान आदि ने सहयोग किया।

(राकेश कुमार कौशिक)
निदेशक
मो. 9829140992

error: Content is protected !!